
विनीत राय की फाइल फोटो (Source- Shweta rai 'X')
Murder in Ghazipur: गाजीपुर के फूलनपुर बाईपास रोड पर बने बिंदु होटल के मालिक के बेटे की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने होटल के गेट पर ही वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान होटल के बाहर खड़े गार्ड के ऊपर भी बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें गार्ड की जान बाल बाल बच गई। फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
गाजीपुर के मशहूर बिंदु होटल के मालिक आलोक राय उर्फ ब्लू राय के बेटे विनीत राय की शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है की बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने उन्हें होटल के में गेट पर रोक कर गोली मारी, जिसमें उन्हें 4 गोलियां लगी। इस दौरान गेट के बाहर खड़े गार्ड शंभु यादव को भी बदमाशों ने लक्ष्य कर फायरिंग कर दिया। इसके बाद गार्ड दिन होटल के अंदर भाग कर अपनी जान बचाई। देर रात विनीत अपने घर जाने के लिए होटल से बाहर निकले थे, इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस इस पूरे मामले में कई पहलुओं से जांच में जुटी हुई है। वहीं, गार्ड ने बताया है कि दो बाइक पर आए चारों बदमाशों ने उससे बीयर की केन मांगी थी और ऑनलाइन भुगतान की बात कही, जिसके बाद वह होटल के अंदर मैनेजर नवनीत सिंह के पास गया और स्कैनर लेकर बाहर आया। गार्ड ने बताया कि इस दौरान आरोपी उससे तरह-तरह की बातें कर टाइम पास कर रहे थे। इसी दौरान विनीत राय घर जाने के लिए में गेट से बाहर आए और बदमाशों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गार्ड ने बताया कि उसे भी लक्ष्य करके फायरिंग की गई थी, लेकिन उसने भाग कर अपनी जान बचाई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया है कि सूचना मिली थी कि बदमाशों ने विनीत राय को गोली मार दी है। वहीं, होटल के स्टाफ ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद होटल और आसपास के सीसीटीवी कैमरा की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि मामले में बदमाशों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने बताया है कि मामले की कई पहलुओं से जांच शुरू कर दी गई है।
Updated on:
30 May 2026 10:49 am
Published on:
30 May 2026 10:49 am
