
मृतक महिला की फाइल फोटो
गाजीपुर: कासिमाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि महिला ने रात को 3 बजे अपने बेटे के साथ सेल्फी लेकर अपनी मां के मोबाइल पर भेजा था और उसके बाद फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने के बाद मृतक महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मोहम्मदपुर कुसुम अतरौली पुरवा मौजा में 26 वर्षीय नजमा खातून ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो ससुराल पक्ष के लोग नजमा के शव को फांसी के फंदे से निकलकर नीचे लिटा चुके थे। वहीं, बेटी के आत्महत्या की सूचना के बाद नजमा की मां मौके पर पहुंची और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया।
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के इटोरा गांव की रहने वाली मुन्नी खातून ने बताया है कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 7 साल पहले कासिमाबाद के मोहम्मदपुर कुसुम गांव निवासी आमिर खान से धूमधाम से की थी। उन्होंने बताया की शादी के बाद से ही नजमा को उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि बीते कुछ दिनों पहले ससुराल वालों ने उस पर गहने चोरी करने का आरोप लगाकर मारपीट भी किया था और इस दौरान उसे प्रताड़ित भी किया जा रहा था।
मृतक महिला की मां ने बताया है कि यह मामला पूर्व में पुलिस तक पहुंच चुका है और महिला हेल्प डेस्क के जरिए इसमें सुलह की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों की प्रताड़ना कम नहीं हुई। मृतक महिला का पति आमिर खान जमशेदपुर में रहकर नौकरी करता है।
मृतक महिला की मां ने आरोपी लगाया है कि बुधवार की देर रात उनकी बेटी से उसके देवर ने मारपीट की थी, जिसकी जानकारी उन्हें फोन पर दी गई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने देर रात 3 बजे के आसपास अपने बेटे के साथ एक सेल्फी भी उनके मोबाइल पर भेजी थी और सुबह होते ही उन्हें सूचना मिली की नजमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला का एक 5 साल का बेटा और एक साल की बेटी है। घटना के वक्त पति अमीर घर पर मौजूद नहीं था। इस मामले में मृतका की मां ने ससुर, सास, देवर और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट किए जाने को लेकर तहरीर सौंपी है। पुलिस ने बताया कि परिजन द्वारा तहरीर प्राप्त कर ली गई है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और नियम के अनुसार के कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Published on:
16 Apr 2026 03:58 pm
बड़ी खबरें
View Allगाजीपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
