
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक मां का ऐसा चेहरा सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरत में है। मामला सामने आने के बाद यकीन करना मुश्किल हो जाएगा कि क्या कोई मां इतनी कठोर दिल हो सकती है? दरअसल, एक महिला का अपने पत से झगड़ा हो गया। उसने इस खुन्नस में अपनी तीन बेटियों को जहर देकर मार डाला।
तीनों बेटियों की मौत
मामला गाजीपुर के सुहवल थाना क्षेत्र का है, जहां एक मां ने अपनी तीन बेटियों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। सुहवल थाना क्षेत्र के ढढ़नी भानमल राय गांव में एक महिला का किसी बात को लेकर पति से झगड़ा हो गया। इसके बाद महिला ने आव न देखा ताव और अपने तीन बच्चों को जहर दे दिया। जहर खाने से दो बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
इस मामले में अब तक इसके कारण का पता नहीं चल पाया है कि आखिर महिला ने पति से झगड़े पर अपने तीनों बेटियों को मौत की सजा क्यों दी। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और पूछताछ के बाद ही सामने आएगा कि आखिर इस ट्रिपल मर्डर के पीछे की पूरी कहानी क्या है।
Published on:
16 Aug 2022 01:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
