22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरसों काटने निकले किसान की पेड़ से लटकी मिली लाश, पत्नी की चीखों से दहला गांव, बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल

सरसों काटने निकले किसान की आम के पेड़ से लटकी लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। खेत पहुंची पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

2 min read
Google source verification
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस फोटो सोर्स पत्रिका

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस फोटो सोर्स पत्रिका

गोंडा जिले के वजीरगंज क्षेत्र में एक किसान की संदिग्ध मौत ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। सुबह खेत के लिए निकले किसान का शव आम के पेड़ से लटका मिला। जब पत्नी खेत पहुंची तो यह मंजर देख वह बेसुध हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में गहरा शोक छा गया।

गोंडा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में सुबह की पहली किरण एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। यहां रहने वाले 53 वर्षीय किसान भूसौली कोरी सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि वे खेत में सरसों काटने जा रहे हैं। उनके हाथ में हंसिया था और साइकिल से वे रोज की तरह खेत की ओर निकल गए थे। उस वक्त किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर होगा।

पति का शव पेड़ से लटकता देख पत्नी के पैरों तले खिसक गई जमीन

कुछ समय बाद उनकी पत्नी माया देवी भी खेत की ओर पहुंचीं। जैसे ही वह खेत के पास पहुंचीं। उनकी नजर आम के पेड़ पर गई। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। पेड़ से रस्सी के सहारे लटकते हुए उनके पति का शव दिखाई दिया। यह देख वह जोर-जोर से रोने लगीं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। माया देवी की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस घटना से स्तब्ध था। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक सामान्य दिन अचानक इस तरह के हादसे में बदल गया।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गांव वालों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि घर में किसी तरह का विवाद नहीं था। किसान सामान्य स्थिति में ही घर से निकले थे।

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम

मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। जिनकी शादियां हो चुकी हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। ताकि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।