बलरामपुर जिले की नगर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने विनीता की कॉल डिटेल खगली तो उमेश कुमार नाम के युवक से बातचीत होने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस ने उमेश से पूछताछ शुरू की। शुरुआती दौर में तो वह बातचीत को टालता रहा। बाद में उसने बताया कि विनीता उसकी नजदीकी थी। आपस में विवाद होने के बाद उसने विनीता की हत्या करके शव को खरगूपुर के गौनरिया के पास एक नाले के किनारे फेंक दिया है। इस सूचना पर बलरामपुर पुलिस ने गोंडा पुलिस को सूचना दी। एसपी गोंडा विनीत जायसवाल ने तत्काल खरगूपुर पुलिस को मौके पर भेजा। बृहस्पतिवार शाम को नाले से शव बरामद किया गया है। इसकी जानकारी बलरामपुर पुलिस को दी गई है। सूचना मिलते ही खरगूपुर थाना प्रभारी प्रदीप सिंह, सीओ सिटी शैलेश सिंह, बलरामपुर सीओ सिटी ज्योति सिंह और फोरेंसिक टीम मौजूद रही। खरगपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।