22 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गोंडा हादसा: 16 साल के आकाश की मौत पर दो FIR, ट्रैक्टर चालक हिरासत में… अवैध खनन एंगल भी आया सामने

गोंडा में 16 साल के आकाश यादव की सड़क हादसे में मौत के बाद दो FIR दर्ज हुईं। ट्रैक्टर चालक हिरासत में है। जबकि मामले में अवैध मिट्टी खनन का एंगल भी सामने आया है।
2 min read
Google source verification

गोंडा के नवाबगंज क्षेत्र में 16 वर्षीय आकाश यादव की दर्दनाक मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। सड़क हादसे के बाद अब इस प्रकरण में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक ओर जहां ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से मौत का आरोप है। वहीं दूसरी ओर अवैध मिट्टी खनन का मामला भी सामने आया है। जिससे जांच का दायरा और बढ़ गया है।

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सिरसा चकपान गांव में मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले किशोर आकाश यादव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस घटना को लेकर अब दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। जिससे पूरे मामले ने नया रुख ले लिया है। पहला मुकदमा मृतक के चचेरे भाई हिमांशु यादव की ओर से दर्ज कराया गया है। शिकायत में बताया गया है कि आकाश यादव एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश ट्रैक्टर के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में ट्रैक्टर चालक सोनू के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं में केस दर्ज किया है।

अवैध मिट्टी खनन का मामला आया सामने

वहीं, इस घटना के बाद अवैध खनन का पहलू भी सामने आया है। क्षेत्रीय लेखपाल शैलेश कुमार शुक्ल ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि इलाके में चोरी-छिपे मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था और ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए इसका परिवहन हो रहा था। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों को पहले भी चेतावनी दी जा चुकी थी। लेकिन इसके बावजूद गतिविधियां जारी रहीं। इस आधार पर रामनरेश यादव और राम केवल यादव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस बोली- दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
थाना प्रभारी अभय सिंह के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।