23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोंडा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की बड़ी तैयारी: 25 से 27 अप्रैल तक 5520 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, प्रशासन अलर्ट

गोंडा में 25 से 27 अप्रैल तक होमगार्ड भर्ती परीक्षा होगी। 5520 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने 14 केंद्र बनाए हैं। सुरक्षा, बिजली-पानी व ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सख्त तैयारी की है।

2 min read
Google source verification
परीक्षा की तैयारी के किस संबंध में बैठक करते डीएम एसपी मौजूद अन्य अधिकारी कर्मचारी गण फोटो सोर्स विभाग

परीक्षा की तैयारी के किस संबंध में बैठक करते डीएम एसपी मौजूद अन्य अधिकारी कर्मचारी गण फोटो सोर्स विभाग

गोंडा जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। 25 से 27 अप्रैल तक होने वाली इस परीक्षा में 5520 अभ्यर्थी शामिल होंगे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

गोंडा जिले में आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। इसके लिए जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी और सुचारू संचालन के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 14 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

इस भर्ती परीक्षा में कुल 5520 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।

डीएम ने दिए ये निर्देश

कानून-व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न जुटने पाए। इसके लिए पुलिस को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और भरोसा जताया कि सभी के सहयोग से यह परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होगी।