
दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल
Gonda News: गोंडा जिले के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने नई शिक्षा नीति के रूप में देश को एक अनमोल तोहफा दिया है।
Gonda News: गोंडा जिले के एलबीएस डिग्री कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल ने कहा, दुर्भाग्यवश हमारे देश की शिक्षा प्रणाली पिछले दशकों में बदलाव से अछूती रही। जहां संगीत सुनने के उपकरणों में तीन दशकों में बड़ा बदलाव हुआ है। वहीं हमारी शिक्षा प्रणाली पुरानी स्थिति में अटकी रह गई थी।
उन्होंने शिक्षा को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रखकर ज्ञान और कौशल के विकास का साधन बताया। श्रीनिवास रामानुजम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “रामानुजम जैसे महान गणितज्ञ के पास कोई औपचारिक डिग्री नहीं थी। लेकिन उनका योगदान विश्वभर में अमूल्य है। इसका अर्थ है कि शिक्षा केवल औपचारिक प्रमाण पत्रों तक सीमित नहीं होनी चाहिए।
उपराज्यपाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि संतोष का भाव सृजन के मार्ग में सबसे बड़ा अवरोध है। हमें अपनी सोच को सीमित न रखते हुए मन और मस्तिष्क की खिड़कियां खुली रखनी चाहिए। केवल इसी तरह हम अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं। सत्य सरोज फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम के छात्रों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षकों को उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही बदलाव का असली मंत्र है। यह न केवल व्यक्तित्व निर्माण करती है। बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार पांडेय, प्रो. जितेंद्र सिंह, आरबीएस बघेल, शैलेंद्र नाथ मिश्र, रेखा शर्मा, वीपी सिंह, श्रवण श्रीवास्तव सहित कई शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा को समाज में बदलाव लाने का सबसे प्रभावी साधन बताया। कार्यक्रम के समापन के दौरान सभी ने इस बात पर जोर दिया कि नई शिक्षा नीति और शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण ही समाज में बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगा। सत्य सरोज फाउंडेशन के आयोजकों ने कहा कि छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करना उनकी मेहनत को सराहने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर महाविद्यालय की अमन चंद्रा, रेखा शर्मा, चमन कौर, रंजन शर्मा, शरद कुमार पाठक, श्याम बहादुर सिंह, जे बी पाल,अभय श्रीवास्तव , विजय सिंह, रामभवन सिंह, राजकुमार माथुर, शतीश दीक्षित, संदीप श्रीवास्तव, अरुण प्रताप सिंह,पुष्य मित्र मिश्र, शिशिर त्रिपाठी, जय शंकर तिवारी,आदि प्रोफेसर और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Updated on:
16 Dec 2024 07:11 pm
Published on:
16 Dec 2024 07:10 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
