
नदी में तलाश करते ग्रामीण फोटो सोर्स पत्रिका
गोंडा जिले के सनौली मोहम्मदपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ग्रेटर नोएडा से अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक को सरयू नदी में स्नान करते समय मगरमच्छ ने हमला कर पानी में खींच लिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, गोताखोर और ग्रामीण लगातार युवक की तलाश में जुटे हैं। जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गोंडा जिले के सनौली मोहम्मदपुर अंतर्गत उदयभान पाही गांव में बुधवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई। यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक को सरयू नदी में नहाते समय मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार, उमरी के रहने वाले बाबूलाल शर्मा की पोती की शादी दीपक नाम के युवक से हुई थी। दीपक ग्रेटर नोएडा में रहकर काम करता था। कुछ दिन पहले उसकी सास का निधन हो गया था। जिसके बाद वह अंतिम संस्कार में शामिल होने गोंडा आया था। परिवार के लोग अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि नदी में कई लोग एक साथ स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी में हलचल हुई। देखते ही देखते मगरमच्छ ने दीपक पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मगरमच्छ उसे गहरे पानी की ओर खींच ले गया। घटना को अपनी आंखों के सामने होता देख परिवार और रिश्तेदार चीखने लगे। घाट पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
ग्रामीणों ने तुरंत नदी किनारे खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार ने बताया कि रेस्क्यू अभियान लगातार चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी मगरमच्छ के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। नदी में स्नान करने गए लोगों पर मगरमच्छ हमला कर चुके हैं। जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। वहीं, जिस परिवार में पहले से मातम था। वहां अब एक और बड़े सदमे ने सभी को तोड़कर रख दिया है।
Updated on:
20 May 2026 05:54 pm
Published on:
20 May 2026 05:54 pm
