
एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन करते अधिवक्ता फोटो सोर्स पत्रिका
गोण्डा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में भूमि विवाद में अधिवक्ता सुभाष चंद्र की हत्या के विरोध में सोमवार को वकीलों ने कचहरी से एसपी कार्यालय तक जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की, जबकि पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
गोण्डा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में जमीनी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में अधिवक्ता सुभाष चंद्र की हत्या के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। सोमवार को जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकीलों ने कचहरी परिसर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक मार्च निकाला। वकीलों ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को सौंपा।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि रविवार को दो सगे भाइयों के बीच भूमि विवाद को लेकर हुए संघर्ष में अधिवक्ता सुभाष चंद्र की मौत हो गई थी। जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में नामजद चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक अधिवक्ता का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार करा दिया गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
23 Feb 2026 02:19 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
