
सांसद कारण भूषण सिंह, विनेश फोगाट फोटो सोर्स Patrika
गोंडा में आयोजित सीनियर नेशनल ओपन कुश्ती चैंपियनशिप के बीच पहलवान विनेश फोगाट को लेकर विवाद और बढ़ गया है। WFI की ओर से नोटिस मिलने के बाद भी विनेश टूर्नामेंट में खेलने पर अड़ी रहीं। लेकिन मंगलवार सुबह बिना मुकाबला खेले हरियाणा लौट गईं। इस बीच साक्षी मलिक ने उनके समर्थन में आवाज उठाई है। जबकि पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके बेटे करण भूषण सिंह ने विनेश पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
गोंडा में चल रही सीनियर नेशनल ओपन कुश्ती चैंपियनशिप के दौरान पहलवान विनेश फोगाट को लेकर विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। विनेश ने पहले ऐलान किया था कि वह मंगलवार को चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। लेकिन वह मुकाबले में शामिल नहीं हुईं। और सुबह हरियाणा के लिए रवाना हो गईं। दरअसल, भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने 9 मई को विनेश फोगाट को एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके साथ ही उन्हें चैंपियनशिप में भाग लेने से रोक दिया गया था। इसके बावजूद वह सोमवार को गोंडा के नंदनी नगर स्टेडियम पहुंची थीं।
स्टेडियम पहुंचने पर ट्रेनिंग सेंटर बंद मिला। इसके बाद विनेश ने मीडिया के सामने WFI अध्यक्ष संजय सिंह को फोन करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह नोटिस का जवाब दे चुकी हैं। और दूसरा जवाब भी तैयार कर रही हैं। उनका कहना था कि पूरा पक्ष सुने बिना उन्हें दोषी कैसे माना जा सकता है।
गोंडा से निकलने के बाद विनेश अयोध्या पहुंचीं। जहां उन्होंने रात एक होटल में बिताई। मंगलवार सुबह वह लखनऊ पहुंचीं। वहां से हरियाणा के लिए रवाना हो गईं। इधर, ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने विनेश का समर्थन किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री, खेल मंत्री और कुश्ती महासंघ से अपील की कि विनेश को ट्रायल का मौका दिया जाए। ताकि वह देश के लिए आगे भी पदक जीत सकें।
वहीं, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण Singh ने विनेश के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देवी जी आई थी। जो रायता फैला कर गई है। उसी को समेट रहे हैं। हम कोर्ट में गए थे। कुश्ती कहां होगी कहां नहीं होगी? यह मेरा विषय नहीं है। यह विषय वर्तमान भारतीय कुश्ती संघ का है। कौन खेलेगा कौन नहीं खेलेगा। इससे हमें कोई मतलब नहीं है। लेकिन हम भारतीय कुश्ती संघ के बहुत दिनों तक अध्यक्ष रह चुके हैं। मेरा जो अपना अनुभव है कि wfi किसी भी खिलाड़ी को कुश्ती खेलने से नहीं रोकती है। जब तक कोई पर्याप्त कारण ना हो। अगर किसी को रोका गया होगा। तो उसका कारण भी बताया गया होगा। उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और विवादों का मामला फिलहाल अदालत में चल रहा है। उसी पर ध्यान दिया जा रहा है।
बृजभूषण के बेटे और कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने भी विनेश के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सभी को अपनी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
उधर, WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने साफ कहा कि जब तक विनेश कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देतीं। तब तक उन्हें चैंपियनशिप में खेलने की अनुमति नहीं दी जा सकती। हालांकि, विनेश का दावा है कि उन्होंने महासंघ को अपना जवाब भेज दिया है। गोंडा कुश्ती चैंपियनशिप के बीच यह विवाद अब खेल जगत और राजनीति दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Updated on:
12 May 2026 09:09 pm
Published on:
12 May 2026 09:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
