
दस फरवरी से शुरू होगा BJP का नारी शक्ति वंदन अभियान , 22 फरवरी को PM करेंगे लाइव संवाद
लोकसभा चुनाव को देखते हुए BJP आधी आबादी पर विशेष फोकस कर रही है, इसी क्रम में 10 फरवरी से गोरखपुर से नारी शक्ति वंदन अभियान चलाने जा रही है। नारी शक्ति वंदन अभियान में स्वयं सहायता समूह और एनजीओ से संपर्क पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 22 फरवरी को महिलाओं और एनजीओ से लाइव संवाद करेंगे।
लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा द्वारा प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर सोमवार को गोरखपुर के क्षेत्रीय कार्यालय पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों और एनजीओ से संपर्क कर इनके सदस्यों में पैठ बनाने पर जोर दिया गया।
10 फरवरी से शुरू होगा अभियान , तैयारियां हुई तेज
कार्यशाला को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने पार्टी द्वारा आगामी 10 फरवरी से शुरू होने जा रहे नारी शक्ति वंदन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। बताया कि इस अभियान के तहत स्वयं सहायता समूहों और एनजीओ के सदस्यों से चाय पर चर्चा, संपर्क और उनका सम्मान भी करना है। इन सदस्यों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 22 फरवरी को लाइव संवाद करेंगे।
इसके लिए गोरखपुर क्षेत्र के हर मंडल स्तर पर एक कार्यक्रम होगा, जहां प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने की व्यवस्था रहेगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मातृ शक्ति का आशीर्वाद हमेशा से भाजपा को मिलता रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी नारी शक्ति वैश्विक नेता नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प को साकार करेगी।
मातृ शक्ति में जनाधार बढ़ाने पर है जोर
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने नारी शक्ति वंदन अभियान में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पार्टी का यह कार्यक्रम मातृ शक्ति में जनाधार बढ़ाने का कार्य करेगा।
संचालन जिला महामंत्री और अभियान के संयोजक सबल सिंह पालीवाल ने किया। कार्यशाला में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष हरिकेश राम त्रिपाठी, मनोज कुमार शुक्ल, संजय सिंह श्रीनेत, जिला मंत्री राम उजागिर शुक्ल, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा चंचला शुक्ला, रुचिका मिश्रा, सुनैना सिंह, माया मिश्रा, इंद्र कुमार निगम,सभी मंडल अध्यक्ष और अभियान टोली के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Published on:
05 Feb 2024 11:06 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
