
घरेलू नौकरानी सहित दर्जनों के खाते से करोड़ों का ट्रांजेक्शन, मुंबई तक जुड़े हैं तार
शहर में नौकरानी समेत बीस लोगों के निजी बैंक में खाता खुलवाकर करोड़ों की हेराफेरी करने वाले व्यापारी व सहयोगी को क्राइम ब्रांच की टीम ने सोमवार को दबोच लिया। एक आरोपित सिद्धार्थनगर जिले का रहने वाला है जिसके संपर्क में मुंबई के कई लोग हैं जो गिरोह से जुड़े हैं।
आरोपितों से पूछताछ व जांच में साइबर थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम को 50 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी करने की जानकारी मिली है।
बिहार के गोपालगंज जिले की रहने वाली लक्ष्मीना देवी शाहपुर क्षेत्र के जेमिनी अपार्टमेंट में रहने वाले व्यापारी के घर झाडू-पोछा लगाती थीं। शेयर बाजार का काम करने वाले व्यापारी ने अगस्त 2023 में सरकारी योजना का लाभ दिलाने की जानकारी देकर मेडिकल कालेज रोड स्थिति निजी बैंक की शाखा में लक्ष्मीना के साथ ही उसकी ननद व भाभी का खाता खुलवाया, जिसका संचालन खुद करता था।
नौकरानी के भाभी का खाता उसके पते पर खुला था। दिसंबर 2023 के आखिरी सप्ताह में लक्ष्मीना की भाभी के पते पर बैंक ने चेक बुक भेजी। जिसे पाने के बाद उसने खाते की जांच कराई तो करोड़ों का टर्नओवर होने की जानकारी मिली। इसके बाद सभी सकते में आ गए।
लक्ष्मीना भी बैंक पहुंची तो यह जानकर अवाक रह गई कि बिना उसकी जानकारी तीनों खाते से करीब 50 करोड़ का टर्नओवर हुआ है। हेराफेरी में फंसने के डर से इन लोगों ने जनता दर्शन में मामले की शिकायत की।
एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने एएसपी/सीओ कैंट अंशिका वर्मा से जांच कराया तो पता चला कि मामला मनी म्यूल का है।सिद्धार्थनगर में रहने वाले अपने साथी की मदद से व्यापारी ने 20 से अधिक लोगों का बैंक में खाता खुलवाया है जिसके जरिये रुपये की हेराफेरी की जा रही है। गोरखपुर में खुले खातों में रुपये आने के बाद नेट बैंकिंग के जरिये मुंबई के दूसरे खातों में भेजे जाते हैं। आरोपितों से पूछताछ व जांच में पुलिस को कई अन्य जानकारी भी मिली है।
छानबीन में यह भी सामने आया है कि शाहपुर थाने का एक दारोगा मामले की लीपापोती में जुटा था। शिकायत मिलने पर एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर इस आरोप की जांच करा रहे हैं। इसके अलावा कई अन्य लोग भी है जिन्होंने मामला मैनेज कराने के लिए व्यापारी से रुपये की डिमांड की थी।
Published on:
19 Mar 2024 10:30 am
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
