
गोरखपुर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया यहां एक हादसे में SSB इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा SSB मुख्यालय के समीप बन रहे निर्माणाधीन नकहा ओवरब्रिज के पास हुआ।पुल पर ट्रक से गाटर उतारते समय क्रेन की चेन टूटने से बाइक सवार इंस्पेक्टर इसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही एक की मौत हो गई। गंभीर रुप से घायल हुए दूसरे इंस्पेक्टर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
बता दें कि बरगदवा से फर्टिलाइजर के बीच स्थित नकहा रेलवे क्रासिंग पर UP सेतु निगम की ओर से ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। पीलर का काम पूरा होने के बाद रेलवे लाइन के ऊपर ओवरब्रिज बनाने का कार्य चल रहा है। इसके लिए ट्रक से लाए गए गाटर को गुरुवार की सुबह क्रेन से उतारा जा रहा था।सुबह 10:30 बजे SSB के सेक्टर मुख्यालय में तैनात निरीक्षक बिजेंद्र सिंह कोठार व मलय कूंडू बाइक बरगदवा चौराहे से फर्टिलाइजर स्थित आफिस की ओर जा रहे थे। क्रेन के पास पहुंचे इसी दौरान चेन टूटने से गाटर बाइक चला रहे बिजेंद्र सिंह कोठारी के ऊपर गिर गया, मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।पीछे बैठे मलय कुंडू गंभीर रुप से घायल हो गए।
हादसे के बाद हड़कंप मच गया। क्रेन छोड़कर चालक फरार हो गया। चिलुआताल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ ही मलय को बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि क्रेन चालक की तलाश चल रही है।तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ओवरब्रिज के निर्माण काम के दौरान मार्ग पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं की गई थी, जो कि हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर जिले में इन दिनों अनेकों परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। इन कार्यों को करा रहीं कार्यदाई संस्थाएं बेपरवाह होकर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी निर्माणाधीन हाइवे, ओवर ब्रिज, नालियां आदि हर जगह देखी जा सकती हैं। इसके शिकार हर रोज राहगीर हो रहे हैं लेकिन जिम्मेदार आंखे मूंद कर बैठे हुए हैं।
Updated on:
7 Nov 2024, 9:17 PM IST
Published on:
7 Nov 2024, 1:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.