6 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राज्यपाल के कार्यक्रम में भारी बवाल! गोरखपुर में ABVP कार्यकर्ताओं और पुलिस में तीखी झड़प, इंस्पेक्टर कैंट सस्पेंड

Gorakhpur News: एबीवीपी कार्यकर्ता से मारपीट मामले में बड़ा एक्शन, कैंट थाना प्रभारी (SHO) संजय सिंह निलंबित, पूरे मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू, छात्रों के प्रदर्शन के बाद पुलिस महकमे में हलचल।
2 min read
Google source verification
Up news, abvp news, gorakhpur police

ABVP के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए (सोर्स: पत्रिका)

ABVP Protest:गोरखपुर में गुरुवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच एबीवीपी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर हंगामा हो गया। इस दौरान एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री और कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह के बीच झड़प भी हुई, पुलिस की सख्ती पर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस की तानाशाही से दुखी कार्यकर्ता SSP से मिले

मामला इतना बढ़ गया कि ABVP कार्यकर्ता शिकायत करने पुलिस ऑफिस पहुँच गए, वहां SSP डॉक्टर कौस्तुभ जन सुनवाई कर रहे थे। संगठन के छात्रों ने उनसे घटना के बारे में अवगत कराया। SSP ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दे दिए। विवाद के दौरान एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल और कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई। एक ओर दीक्षा भवन में समारोह चल रहा था, वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय परिसर के बाहर सड़क पर पुलिस और परिषद कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

दीक्षांत समारोह में शामिल होने जा रहे छात्रों को पुलिस ने रोका

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए एबीवीपी के कार्यकर्ता पहुंचे थे। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश नियमों के कारण उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसे लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। एक ओर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में दीक्षांत समारोह का कार्यक्रम चल रहा था, वहीं दूसरी ओर परिसर के बाहर सड़क पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद होता रहा।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस और छात्रों में हाथपाई भी हुई है, इससे आहत संगठन के लोग, एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री अपने अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।

ABVP के विरोध पर जमकर हुआ हंगामा

प्रान्त मीडिया प्रमुख शिवम पांडे ने इस पूरी घटना पर कैंट थाना प्रभारी और पुलिस पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पुलिस जानबूझ कर सख्त रुख अख्तियार की। राजपाल के कार्यक्रम में जाने के लिए हमारे कुछ लोगों के पास आमंत्रण आए थे। फिर भी पुलिस ने जाने से रोका और तानाशाही का परिचय दिया।

आरोप ये भी है कि ABVP के प्रांत संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल को पहले से समारोह आने का आमंत्रण मिला था। पुनीत आज कार्यक्रम में अंदर गए हुए थे। शिवम पांडे का कहना है कि कुछ और लोग थे जिनको अंदर जाने का आमंत्रण आया था, लेकिन पुलिस ने उनलोगों को नहीं जाने दिया। पुलिस द्वारा अंदर न जाने देने पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया, इसके बाद विवाद बढ़ गया।

पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा मामला

सूत्रों के मुताबिक एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस द्वारा किया गया सलूक की जानकारी पुलिस मुख्यालय तक पहुंची जिससे माहौल काफी तेजी से बदलने लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट दे दी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।