
SSP गोरखपुर की बड़ी कारवाई (सोर्स: पत्रिका)
गोरखपुर में पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में ही दबंगों द्वारा एक लड़की को सरेराह बुरी तरह पीटने और उसकी कार तोड़ने के मामले में SSP डॉक्टर कौस्तुभ ने कड़ी कारवाई करते हुए 3 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं थानेदार और चौकी इंचार्ज को भी हटा दिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि लड़की के साथ मारपीट होती रही और पुलिस तमाशबीन बनी रही, हद तो तब हो गई जब कुछ पुलिसकर्मी दबंगों को रोकने की बजाय घटना का वीडियो बनाते रहे। इस घटना का वीडियो आने के बाद गोरखपर पुलिस की काफी किरकिरी हो रही थी।
यह घटना संज्ञान में लेने के बाद SSP डॉ. कौस्तुभ ने शाहपुर थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह और कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को लाइन हाजिर कर दिया। वीडियो में दिख रहे PRV के दो सिपाहियों राज मंगल सिंह, अविनाश यादव और दरोगा अभिषेक कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया। होमगार्ड हरिचरन राय पर विभागीय कार्रवाई बैठाने के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। बता दें कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 3 टीमें गठित की हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़खानी, मारपीट, धमकी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा पुलिस ने आठ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
SSP की जांच में सामने आया कि शाहपुर थानेदार राकेश रोशन सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भी नजरअंदाज किया। हल्की धाराओं में FIR की वीडियो सामने आने के बाद केस में गंभीर धाराएं लगीं, इस लापरवाही पर लाइन हाजिर किया गया।
दूसरी करवाई चौकी इंचार्ज कौवाबाग चौकी दुर्गेश नंदिनी पर की गई है, इन्हें भी लाइन हाजिर किया गया है। इनकी लापरवाही का आलम यह था कि लगभग एक घंटे तक हंगामा चलता रहा, लेकिन उन्हें किसी चीज की खबर नहीं रही। जानकारी होने के बाद भी मामला हल्के ढंग से लिया गया। इसे भी एसएसपी ने बड़ी लापरवाही माना।
सिपाही राज मंगल सिंह, अविनाश यादव दोनों को सस्पेंड कर दिया गया दोनों सिपाही मौके पर थे, उनके सामने ही दबंगों ने लड़की की पिटाई की। लेकिन, उन्होंने बचाने की कोशिश नहीं की। दोनों सिर्फ वीडियो बनाते रहे।दरोगा अभिषेक सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया है, यह भी मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे, लेकिन दबंगों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। बल्कि, मामले की लीपापोती में जुटे रहे।
होमगार्ड हरिचरन राय पर कारवाई के लिए विभाग को लिखा गया है, जानकारी के मुताबिक इनकी मौके पर ड्यूटी थी, लेकिन लड़की की पिटाई के वक्त वहां मौजूद नहीं थे।
Updated on:
13 Jul 2026 01:54 pm
Published on:
13 Jul 2026 01:15 pm
