बता दें कि बीते शुक्रवार को गोरखपुर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हजारों की संख्या में लोग एकत्र हुए थे। नमाज पढ़ने के बाद ये लोग जुलूस की शक्ल में सड़क पर निकले। पुलिस व भीड़ के बीच तीखी बहस के बाद लाठीचार्ज व पत्थरबाजी की घटनाएं हुई। इस छोटी सी लापरवाही से शहर के कई हिस्से बवाल की चपेट में रहे। पुलिस अब केस दर्ज कर पत्थरबाजी के आरोपियों पर कार्रवाई कर रही।
हालांकि, इस शुक्रवार को किसी प्रकार से स्थिति न बिगड़े इसके लिए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क है।
जुमा के नमाज पर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। पुलिस के अलावा पैरामिलिट्री, पीएसी भी तैनात है। इस बार पुलिस हर गली, मोहल्ले में मुस्तैद रहेगी। शाहमारूफ, नखास, रेती, घासीकटरा में विशेषकर पुलिस की तैनाती की गई है। काफी संख्या में सादे वर्दी में भी पुलिस की तैनाती की गई है। ये लोग असलहों से लैस रह हर एक पर नजर रखेंगे। शहर के कोतवाली सर्किल में तीन थाने आते है जिसके अंतर्गत 167 मस्जिदें मौजूद हैं। हर मस्जिद के आसपास पुलिस की सुरक्षा लगाई गई है।