
यमुना नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान ग्रेटर नोएडा के पांच युवकों की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दक्षिण-पूर्व दिल्ली में रविवार को डीएनडी पुल के पास ग्रेटर नोएडा के 18 लोगों का समूह यमुना नदी में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचा था। इसी दौरान पांच युवक यमुना में समा गए। इसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस के साथ दमकल विभाग, गोताखोर और आपदा प्रबंधन की टीम को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। गोताखोरों ने देर रात तक एक के बाद एक पांचों लड़कों के शव बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने सभी के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल दिल्ली भेज दिया। ग्रेटर नोएडा के सलारपुर गांव में एक साथ आज पांचों लड़कों के शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
नोएडा पुलिस के अनुसार, ये हादसा रविवार दोपहर करीब एक बजे डीएनडी पुल के नीचे यमुना में हुआ। ग्रेटर नोएडा के सलारपुर गांव से भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति लेकर 18 लोगों का समूह यमुना नदी के तट पर पहुंचा था। सभी लोग नाचते-गाते प्रतिमा को यमुना में विसर्जित कर ही रहे थे कि अचानक मूर्ति पानी में जाकर फंस गई। इसके बाद 6 लड़के मूर्ति को निकालने के लिए आगे बढ़े। उन्होंने मूर्ति को निकाल भी दिया और पानी में आगे की तरफ चलने लगे। इसी बीच सभी युवक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। शोर मचाने के बाद किसी तरह एक युवक को सकुशल बाहर निकाला गया। जबकि अन्य पांच लड़के यमुना के गहरे पानी में समा गए।
इन पांच युवकों की हुई मौत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान 20 वर्षीय अंकित पुत्र राजेंद्र, 16 वर्षीय लकी पुत्र राजेंद्र, 17 वर्षीय ललित पुत्र हरीकिशोर, 19 वर्षीय बीरू पुत्र रामनाथ और 20 वर्षीय ऋतुराज पुत्र मुन्ना श्रीवास्तव के रूप की गई है। घटना के बाद से ग्रेटर नोएडा के सलारपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। आज गांव पांचों लड़कों का एक साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में हो गई देर
बता दें कि हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने नोएडा पुलिस को फोन किया था। नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची भी, लेकिन घटनास्थल पर पहुंचते ही पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हादसे वाला इलाका दिल्ली पुलिस के अधीन आता है। इस तरह करीब सवा घंटे बाद दिल्ली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जामिया नगर थाना पुलिस दमकल विभाग, बोट क्लब और आपदा प्रबंधन टीम के साथ मौके पर पहुंची। और कई घंटे के ऑपरेशन के बाद सभी लड़कों के शव बरामद किए जा सके।
Published on:
29 Aug 2022 10:00 am
बड़ी खबरें
View Allग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
