
Noida Expressway: द्वारका के बाद सबसे ज्यादा महंगा नोएडा एक्सप्रेसवे, 66 प्रतिशत बढ़े प्रॉपर्टी के रेट, पढ़ें रिपोर्ट
Noida Expressway: देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास के क्षेत्र में पिछले छह सालों के दौरान 93 प्रतिशत प्रॉपर्टी के रेट बढ़े हैं। इसके बाद दूसरा नंबर नोएडा एक्सप्रेसवे क्षेत्र का है। यहां 66 प्रतिशत तक प्रॉपर्टी महंगी हुई है। यह बात मंगलवार को सामने आई देश के टॉप सात शहरों की रिपोर्ट में स्पष्ट की गई है। यह रिपोर्ट एनारोक समूह की ओर से जारी की गई है। इसमें बताया गया है कि देश के टॉप सात शहरों में सबसे ज्यादा प्रॉपर्टी के रेट इन्हीं दो एक्सप्रेसवे के क्षेत्रों में बढ़े हैं। इसमें यह भी बताया गया है कि इन दोनों एक्सप्रेसवे के क्षेत्रों में बढ़े प्रॉपर्टी रेट ने देश की प्राइम लोकेशन को भी पीछे छोड़ दिया है। लेटेस्ट एनारोक रिसर्च के अनुसार, कई कम जनसंख्या घनत्व वाले क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ी हैं। जिससे लोग वहां पहुंच रहे हैं।
मंगलवार को जारी की गई रिपोर्ट के हवाले से एनारोक समूह के उपाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया "दिल्ली एनसीआर के पेरिफेरल नोएडा एक्सप्रेसवे में पिछले छह सालों के दौरान आवासीय प्रॉपर्टी की कीमतें 66 प्रतिशत बढ़ी हैं। रिपोर्ट के अनुसार साल 2019 में यहां आवासीय प्रॉपर्टी की कीमत 5075 रुपये प्रति वर्ग फीट थी। जो साल 2024 की तीसरी तिमाही तक 8400 रुपये प्रति वर्ग फीट हो गई है।"
संतोष कुमार बताते हैं कि दूसरी ओर दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेसवे के प्राइम एरिया में भी आवासीय प्रॉपर्टी की कीमतों में औसत रूप से 93 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। जबकि राजनगर एक्सटेंशन के प्राइम एरिया में प्रॉपर्टी की कीमतें 55 प्रतिशत बढ़ी हैं। राजनगर एक्सटेंशन के प्राइम एरिया में साल 2019 में जो प्रॉपर्टी 3260 रुपये प्रति वर्ग फीट थी। वह साल 2024 की तीसरी तिमाही में बढ़कर 5050 रुपये प्रति वर्ग फीट हो चुकी है।
संतोष कुमार ने आगे बताया "द्वारका और नोएडा एक्सप्रेसवे के बाहरी इलाकों में सरकार ने कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट लॉन्च किए। इसके चलते यहां आवासीय प्रॉपर्टी की कीमतों में भारी उछाल आया है। नोएडा एक्सप्रेसवे के बाहरी इलाकों में पर्याप्त जमीन मिलने के कारण डेवलेपर्स ने यहां महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट लॉन्च किए। इसके अलावा बेहतर कनेक्टिविटी ने खरीदारों को यहां आने के लिए प्रेरित किया। इन सोसायटियों में खुली जगह और खुला माहौल लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है।"
Updated on:
13 Dec 2024, 12:41 PM IST
Published on:
10 Dec 2024, 7:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.