
पत्रकार खाशोगी की मंगेतर का ट्विटर पर छलका दर्द, वीडियो पोस्ट कर लिखा भावूक संदेश
रियाद। सऊदी अरब अधिकारियों द्वारा पत्रकार जमाल खाशोगी की इस्तांबुल में सऊदी वाणिज्य दूतावास में हत्या की स्वीकार करने के बाद पत्रकार की मंगेतर ने उनके लिए एक आखिरी संदेश प्रकाशित किया है। उन्होंने शनिवार को ट्विटर पर लिखा, 'वे मेरी दुनिया से आपके शरीर को ले गए हैं। लेकिन, आपकी सुंदर हंसी मेरे आत्मा में हमेशा बसी रहेगी। मेरे प्रिय खाशोगी।'
ट्वीट में एक वीडियो भी किया है पोस्ट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें खाशोगी एक टीवी डॉक्यूमेंट्री के लिए साक्षात्कार दे रहे हैं। साक्षात्कार के दौरान एक बिल्ली व्यवधान डाल रही है, वह उनकी गोद में उछल रही है जिस कारण वह खुल कर हंस रहे हैं। खाशोगी मुस्कराते हुए पत्रकार से कहते हैं, 'आपको इसे फिल्म में बनाए रखना चाहिए।'
दो अक्टूबर को कुछ दस्तावेज लेने दूतावास गए थे खाशोगी
खाशोगी के सऊदी वाणिज्य दूतावास में प्रवेश के दौरान उसकी इमारत के बाहर उनका इंतजार कर रहीं उनकी मंगेतर सेंगिज को पहले उनकी मौत का विश्वास नहीं हुआ था। खाशोगी दो अक्टूबर को कुछ दस्तावेज लेने दूतावास गए थे। उन्हें सेंगिज से विवाह के लिए इन दस्तावेजों की जरूरत थी। खाशोगी ने सेंगिज से कहा था कि अगर वह बाहर न आएं तो वह उनके दोस्त और तुर्की अरब मीडिया संघ के अध्यक्ष तुरन किस्लक्सी को फोन कर इस बात की जानकारी दे दें।
मोहम्मद बिन सलमान की नीतियों के सख्त आलोचक थे खाशोगी
सेंगिज ने उनके लापता होने के अगले दिन दूतावास के बाहर मीडिया को जानकारी दी थी, 'मुझे नहीं पता कि जमाल अंदर हैं कि नहीं। मैं जानना चाहती हूं कि जमाल कहां हैं। क्या उन्होंने उन्हें हिरासत में ले लिया है? क्या उन्होंने उनका अपहरण कर लिया है? क्या उन्हें जेल में डाल दिया गया है?' उस समय उन्होंने मीडिया से उनका नाम नहीं छापने का आग्रह किया था। खाशोगी सऊदी अरब राजशाही और शहजादा मोहम्मद बिन सलमान की नीतियों के सख्त आलोचक थे। वह जून 2017 से सऊदी अरब से बाहर आत्म निर्वासन में रह रहे थे।
Published on:
21 Oct 2018, 6:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.