
पत्रकार खशोगी हत्या मामले में बड़ा खुलासा, मारने से पहले काट दी थीं उंगलियां
अंकारा। तुर्की पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या से पहले उनके साथ बेहद क्रूर व्यवहार किया गया था। तुर्की की एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस्तांबुल स्थित रियाद के वाणिज्य दूतावास में खाशोगी को मारने से पहले उसकी उंगलियां काट दी गई थी। रिपोर्ट छापने वाली मीडिया संस्थान का दावा है कि उन्होंने इस मामले से संबंधित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनी।
टेप में वाणिज्य दूत मोहम्मद अल ओतैबी की आवाज
रिपोर्ट में एक टेप के हवाले से कहा जा रहा है कि सऊदी अरब के वाणिज्य दूत मोहम्मद अल ओतैबी को ये कहते हुए सुना जा सकता है कि 'यह काम बाहर करो। आप मुझे परेशानी में डालने जा रहे हो।' वहीं एक अन्य टेप में एक अनजान व्यक्ति की आवाज सुनी जा सकती है, जिसमें वो कह रहा है 'अगर तुम्हें जिंदा रहना है तो आगे से जब तुम सऊदी अरब आओ तो चुप रहना।' हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि संस्थान के पास ये टेप कहां से आए।
ऐप्पल वॉच की मदद से रिकॉर्ड हुई घटना
इससे पहले एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में जानकारी दी गई थी कि खाशोगी की ऐप्पल वॉच की मदद से उनसे पूछताछ, यातना और हत्या की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। हालांकि इस पर कुछ विशेषज्ञों ने ऐसे दावों को असंभव बताया है। उनका मानना है कि ऐसे मुमकिन नहीं है कि कोई घड़ी इस तरह की घटना को रिकॉर्ड नहीं कर सकती।
आधिकारिक दस्तावेज लेने के लिए सऊदी वाणिज्य दूतावास गए थे खाशोगी
गौरतलब है कि खाशोगी की उनकी तुर्की प्रेमिका से शादी होने वाली थी, जिससे पहले वो अपने कुछ आधिकारिक दस्तावेज लेने के लिए सऊदी वाणिज्य दूतावास गए थे। दूतावास जाते ही वो लापता हो गए। इस मामले में जहां तुर्की पुलिस का मानना है कि खाशोगी की हत्या 15 सऊदी अधिकारियों की एक विशेष टीम ने की, वहीं रियाद बार-बार इन आरोपों को नकारते आ रहा है। बता दें कि पहले भी मीडिया रिपोर्टों में ऑडियो-विडियो का जिक्र किया जा चुका है, जिसमें खाशोगी की हत्या और फिर शव के टुकड़े किए जाने के दावे किए जा रहे थे। हालांकि ये पहली बार है जब तुर्की की मीडिया ने टेप सुनने का दावा किया है।
Published on:
18 Oct 2018, 1:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.