
गुना। कोरोना संक्रमण काल में बाहर से आने वाले लोग गुना के लिए खतरा साबित होते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला चांचैड़ा-बीनागंज में सामने आया है। 108 एंबुलेंस चालक कोरोना पाजीटिव सिपाही के संपर्क में अनजाने में आ गया। तबीयत खराब होने पर उसे गुना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एंबुलेंस ड्राइवर व उसके साथी को आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है जबकि दो अन्य को होम क्वारंटीन किया गया है। दोनों के सैंपल को ग्वालियर जांच के लिए भेज दिया गया है।
108 एंबुलेंस का चालक राजवीर धाकड़ मुरैना की कैलारस तहसील के माधौगढ़ का रहने वाला है। बगैर सूचना के तीन-चार दिन पहले राजवीर अपने घर कैलारस चला गया था। वहीं भोपाल में पदस्थ एक आरक्षक लोकेन्द्र अपने परिजनों को छोडने मुरैना के चमरगंवा गांव में आया था। लौटते में वाहन से राजवीर चांचैड़ा-बीनागंज लौटकर आया था। लौटकर आने के बाद सिपाही की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आ गई। राजवीर सिपाही के सम्पर्क में आठ से दस घंटे रहा। राजवीर यहां आने के बाद 108 के स्टॉफ पायलट, डॉक्टर आदि के सम्पर्क में आया था।
बताया गया कि राजवीर धाकड़ के तबियत खराब होने और कोरोना पॉजीटिव मरीज के सम्पर्क में आने के बाद राजवीर के तीन अन्य के सम्पर्क में आने की खबर जैसे ही पुलिस और जिला प्रशासन के पास पहुंची तो होश उड़ गए। आनन फानन में चांचैड़ा-बीनागंज को 24 घंटे के लिए टोटल लॉक डाउन कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस लाइन चांचैड़ा को सील कर दिया है।
Published on:
3 May 2020, 7:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.