
,,
गुना। मध्यप्रदेश में भगवान श्रीराम की 108 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। यह प्रदेश की सबसे बड़ी और ऊंची प्रतिमा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्रतिमा का लोकार्पण कर सकते हैं। मई माह तक यह प्रतिमा बनकर तैयार हो जाएगी।
मध्यप्रदेश के गुना जिले के लोगों के लिए यह अच्छी खबर है कि जल्द ही उनको हनुमान टेकरी की तर्ज पर रामटेकरी में एक और धार्मिक एवं पर्यटन स्थल देखने और दर्शन के लिए मिलेगा। रामटेकरी पर प्रदेश की सबसे ऊंची 108 फीट की भगवान श्रीराम की प्रतिमा लगेगी। उम्मीद की जा रही है कि यह प्रतिमा मई तक बनकर तैयार हो जाएगी और इसका लोकार्पण पीएम नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने दिया है आश्वासन
बता दें कि इस प्रतिमा के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रण-पत्र श्योपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने दिया था, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने आश्वासन दिया था कि लोकार्पण समारोह में आने का प्रयास करुंगा। यदि नहीं आ पाया तो समारोह में वर्चुअल माध्यम से अवश्य जुडूंगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां रोपवे भी लगाए जाने की योजना है।
राम टेकरी के निर्माण कराने वाले ट्रस्ट से जुड़े लोग बताते हैं कि बमौरी विधानसभा क्षेत्र के पुरापोसर-हरिपुर मार्ग पर रामटेकरी के इस प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश में भगवान श्रीराम की 108 फीट की प्रतिमा लगाई जाएगी। यह प्रदेश में भगवान श्रीराम की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। प्रतिमा का निर्माण कार्य ग्वालियर में चल रहा है।
प्रतिमा के बेस में लगाया 50 टन लोहा
प्रतिमा के बेस में लगभग 50 टन लोहा लगाया गया है। राम टेकरी को पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में यहां ग्रामीण हाट बाजार, सामुदायिक शौचालय, सामुदायिक स्वास्थ्य भवन भी बन रहा है। यहां ध्यान केन्द्र, परिक्रमा टेकरी भी होगी।
राम टेकरी से हनुमान टेकरी तक रोप-वे...
राम टेकरी और हनुमान मंदिर टेकरी एक-दूसरे से जुड़े रहें, इसके लिए रोपवे भी लगवाए जाने की योजना है। राम टेकरी को पर्यटन स्थल और धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए आमोद-प्रमोद पार्क और चारों तरफ हरियाली ही हरियाली दिखे, इसकी तैयारी की जा रही है। यहां लगभग पांच करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट हैं, जिनको अंजाम दिया जा रहा है। राम टेकरी की आधारशिला 2019 में प्रदेश के पंचायत मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया व तत्कालीन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के नेतृत्व में रखी गई थी।
मन मोह लेता है श्रीराम टेकरी तपोवन
जिले से 60 किलोमीटर दूर चांचौड़ा में केदला गांव में श्रीराम टेकरी तपोवन है। यहां पहुंचने पर शांति ही नहीं एक अलग तरह के आनंद की अनुभूति होती है। यहां अभी हनुमान जी की भव्य प्रतिमा है और जल्द ही भगवान श्रीराम की भव्य मूर्ति स्थापित होने वाली है। राम टेकरी से जुड़े लोग बताते हैं कि 50 साल पहले गुजरात में आश्रम बनाकर रहने वाले संत अभिराम दास महाराज यहां आए थे। उन्हें यहां आने के बाद लगा कि यहां श्रीराम टेकरी तपोवन बनाया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने किसी से चर्चा नहीं की और घूमने के लिए निकल पड़े। घूमते-घूमते पास में ही पड़ी एक निर्जन पहाड़ी पर पहुंच गए और वहां तपोवन बनाने की तैयारी में जुट गए फिर इसको विशाल रूप दे दिया।
राम-सीता का विशेष मंदिर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां के गुरु संत अभिराम दास महाराज ने यहां आने के बाद बीनागंज में रामानंद संत आश्रम और सीता-राम का विशेष मंदिर भी बनवाया है।
बजरंगगढ़ में भी विराजे हैं श्रीराम
बजरंगगढ़ में पूर्व में गुना की कलेक्ट्रेट हुआ करतीं थी। यहां के किले पर मंदिर बना हुआ है। यहां भगवान श्रीराम विराजे हुए हैं।
Updated on:
30 Mar 2023 05:29 pm
Published on:
30 Mar 2023 05:22 pm
बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
