
PATRIKA PHOTO
Crime News: गुरुग्राम में पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर गुरुवार को उस समय हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब एक बलात्कार पीड़िता ने कथित तौर पर पुलिस की अनसुनी से तंग आकर मौत को गले लगाने की कोशिश की। महिला हाथ में पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर कमिश्नर ऑफिस के मुख्य द्वार पर पहुंच गई और चीखते हुए अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए महिला को आग लगाने से ठीक पहले रोक लिया और उसे काबू कर शांत कराया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस आत्मघाती कदम को उठाने से पहले महिला ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उसकी बेबसी साफ झलक रही है। वीडियो में महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ पानीपत के एक शख्स ने दुष्कर्म किया था, जिसकी शिकायत उसने सेक्टर-51 थाने में दर्ज कराई थी। पीड़िता का कहना है कि एफआईआर दर्ज हुए चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपी को हाथ तक नहीं लगाया है। महिला ने सिसकते हुए बताया कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और अब उसका परिवार और कुछ भाड़े के गुंडे उसे और उसके परिजनों को लगातार धमका रहे हैं कि अगर केस वापस नहीं लिया तो अंजाम बुरा होगा।
गुरुग्राम के कमिश्नर दफ्तर पहुंचने से पहले बनाए गए वीडियो में महिला ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, आरोपी अभी तक आजाद है और मुझे डराया-धमकाया जा रहा है। गुंडे मेरे घर के चक्कर काट रहे हैं और केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। मैंने हर जगह गुहार लगाई पर कहीं सुनवाई नहीं हुई, अब मेरे पास सुसाइड करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। मैं अपनी जान देने कमिश्नर ऑफिस जा रही हूं।' वीडियो की तस्वीरें भले ही धुंधली हों, लेकिन महिला की चीखें स्पष्ट रूप से सिस्टम की नाकामी को बयां कर रही हैं।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के काफी देर बाद तक पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान नहीं आया और पुलिस कमिश्नर विकास कुमार अरोड़ा से भी संपर्क नहीं हो सका। हालांकि, बाद में बढ़ते दबाव को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक संक्षिप्त बयान जारी किया। पुलिस ने आत्मदाह की कोशिश की घटना पर सीधे तौर पर कुछ कहने के बजाय केवल इतना कहा कि मामले के आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने पीड़िता को आश्वासन दिया है कि उसे न्याय मिलेगा और उसकी सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा।
Updated on:
01 May 2026 11:22 am
Published on:
01 May 2026 11:22 am
