
बेटी की डोली उठने के 10 दिन बाद उठी पिता की अर्थी
Gurugram : दिल्ली से सटे मानेसर के कासन गांव में हुए पूर्व एनएसजी कमांडो सुंदर फौजी हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी मंजू रानी ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। मंजू रानी के अनुसार, उनके पति सुंदर फौजी को अपनी बेटी की शादी के लिए अदालत से 70 दिन की पैरोल मिली थी।
आपको बता दें कि सुंदर फौजी ने जेल से बाहर आने के बाद बीते 20 अप्रैल को अपनी बेटी की शादी बड़े ही धूमधाम से संपन्न कराई थी। घर में अभी भी मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ था और शादी की खुशियों का माहौल था, लेकिन गुरुवार की सुबह हुई अंधाधुंध फायरिंग ने इन खुशियों को उम्र भर के मातम में बदल दिया।
पत्नी मंजू रानी ने हत्या का आरोप सीधे तौर पर पूर्व सरपंच बहादुर के बेटे पर लगाया है। उन्होंने दावा किया कि बहादुर ने उनके पति से 2 करोड़ रुपये लिए थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंजू रानी का कहना है कि इसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते बहादुर के बेटे ने उनके पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, सुंदर फौजी बेटी की शादी के लिए 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। उसकी पत्नी का दावा है कि मुख्य विवाद 2 करोड़ रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे, जब सुंदर फौजी सैर के बाद एक दुकान के बाहर बैठा था, तभी दो हमलावर पहुंचे और महज 10 सेकंड के भीतर उस पर 5 गोलियां दाग दीं।
इस सनसनीखेज वारदात का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है। वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बदमाशों ने बेहद तेजी से पूरी घटना को अंजाम दिया और कुछ ही सेकंड में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पहली गोली लगते ही पूर्व कमांडो जमीन पर गिर पड़े, लेकिन इसके बावजूद हमलावर नहीं रुके और लगातार गोलियां चलाते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुलेआम हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
Updated on:
30 Apr 2026 01:34 pm
Published on:
30 Apr 2026 01:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
