
शहर में बढ़ रहा गंदगी का अंबार और डेंगू, मंत्रियों की नाराजगी को भी गंभीरता से नहीं ले रहे अफसर
ग्वालियर. मध्य प्रदेश का ग्वालियर शहर स्वच्छता की श्रेणी में पिछड़ने के बाद भी नगर प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। आलम ये है कि, सड़कों पर यहां वहां कचरा और गंदगी का अंबार है तो वहीं, शहर में इसी गंदगी के कारण डेंगू भी तेजी से पांव पसार रहा है। फिर भी ग्वालियर नगर निगम नींद से नहीं जाग पा रहा है। हद तो तब हो गई, जब यहां शिवराज सरकार के मंत्री लगातार सड़कों पर उतरकर नालियों और सड़क किनारे पड़े कचरे को देखकर नाराज हो रहे हैं, आवश्यक दिशा - निर्देश भी दे रहे हैं। बावजूद इसके अधिकारी मानों इन निर्देशों को एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल रहे हैं।
एक दिन पहले ही शहर के विधायक और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहर के कई गली मोहल्लों में पैदल चलकर नालियों और सड़कों जायजा लिया था। उस दौरान शहर में बढ़ती गंदगी पर मंत्री तोमर ने नाराजगी जताते हुए लोगों की गंदगी से जुड़ी शिकायतों का निराकरण करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये थे। इसके बाद आज 1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शहर के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट भी सुबह - सुबह शहर का भ्रमण करने निकले। मंत्री सिलावट का फोकस भी शहर की सफाई व्यवस्था पर ही था। उन्होंने भी यहां सड़कों पर पैदल चलकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। हैरानी की बात तो ये है कि, प्रदेश के लिए इतने महत्वपूर्ण दिन पर भी कई जगहों पर गंदगी देखने को मिली। इंसपर मंत्री सिलावट ने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर सड़क पर उतरे प्रभारी मंत्री
प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने शहर के राज पाएगा रोड, कंपू आमखो रोड समेत अन्य कई सड़कों का पैदल निरीक्षण किया। साथ ही, सड़कों के निर्माण की प्रगति का भी जायजा लिया। इस दौरान भी मंत्री सिलावट ने संबंधित अधिकारियों को समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। यही नहीं, मंत्री सिलावट शहर के जयारोग्य अस्पताल भी पहुंचे और यहां की भी सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।यहां ट्रॉमा सेंटर के बाहर बैठे मरीजों के परिजन से मंत्री ने चर्चा भी की और सामने आने वाली समस्याओं पर अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश भी दिए।
शहरवासियों से प्रभारी मंत्री का आग्रह
इससे पहले परभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने शहर के 7 नंबर चौराहे मुरार पर आयोजित स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद मंत्री सिलावट ने शहर में बढ़ती गंदगी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से कहा कि, शहर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डोर टू डोर कचरा संग्रहण समय पर होना चाहिए। साथ ही, कचरा स्पॉट से रोजाना कचरा उठाने की व्यवस्था भी तय होनी चाहिए। इसके साथ ही प्रभारी मंत्री ने शहरवासियों से भी आग्रह किया कि, शहर को साफ और स्वच्छ रखने के लिए सभी को सहभागिता दिखानी होगी। ग्वालियर शहर को स्वच्छ शहरों की श्रेणी में सबसे अग्रणी बनाने में सहयोग करना है। इस अवसर पर वीर क्रांतिकारी भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
प्रभारी मंत्री के साथ सड़क पर उतरे ये अधिकारी
निरीक्षण के दौरान सभापति मनोज सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल, सीईओ स्मार्ट सिटी नीतू माथुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
01 Nov 2022 01:01 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
