
दिसंबर माह से ग्वालियर व्यापार मेला लगाया जाना है और अभी तक टेंडर प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई है।
ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण की ओर से प्रतिवर्ष लगाए जाने वाले व्यापार मेले की तैयारियों का अभी तक अता-पता नहीं है। व्यापार मेला हर बार की तरह दिसंबर से फरवरी माह तक लगाया जाना है। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण का गठन होने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति होने के बाद भी मेले की तैयारियों के लिए टेंडर प्रक्रिया तक प्रारंभ नहीं की गई है। अभी तो पूरा मेला परिसर वीरान और उजाड़ हालत में पड़ा है। ऐसे में माना जा रहा है कि हर साल की तरह व्यापार मेला 10 जनवरी से पूर्व नहीं लग सकेगा।
पिछले साल इस समय तक जारी हो चुके थे टेंडर
पिछले साल 2025-26 के व्यापार मेले की तैयारियों के लिए 4 जुलाई 2025 को ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण की 47वीं बोर्ड बैठक रखी गई थी। इसके बाद ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण ने 23 अगस्त 2025 को 3.5 करोड़ के 20 कार्यों के लिए ऑनलाइन ई-निविदा जारी कर दी थी। टेंडर भरने की अंतिम तिथि 22 सितंबर 2025 रखी गई थी।
अक्टूबर में 10 दिवसीय स्वदेशी वस्तुओं का मेला लगाने की तैयारी
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण अक्टूबर माह में स्वदेशी वस्तुओं का मेला लगाने की तैयारी भी कर रहा है। स्वदेशी वस्तुओं का ये मेला 10 दिवसीय होगा। इसके साथ ही नवंबर माह से खादी मेला लगाए जाने की तैयारियां की जा रही हैं, इसे मुख्य मेले के साथ फरवरी तक लगाया जाएगा।
चार-पांच दिन में टेंडर प्रक्रिया पूरी करेंगे
ग्वालियर व्यापार मेले की तैयारियोंं को जल्द ही अमली जामा पहनाया जाएगा। इसके लिए चार-पांच दिनों के भीतर सभी प्रमुख कार्यों के लिए टेेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। व्यापार मेला अपने तय समय पर ही लगाया जाएगा। इसके साथ ही अक्टूबर में 10 दिवसीय स्वदेशी वस्तुओं का मेला और नवंबर से खादी मेले लगाने पर काम किया जा रहा है।
Updated on:
18 Sept 2026 11:15 am
Published on:
18 Sept 2026 11:14 am
