
होमगार्ड जवान को ट्रक ने कुचला (Photo Source- Patrika)
Home Guard Jawan : ट्रैफिक डिपार्टमेंट की तमाम चालानी कार्रवाईयों और सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियानों के बावजूद मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात ये हैं कि, एमपी में हर रोज सैकड़ों लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जिनमें से दर्जनों की जान तक जा रही है। ताजा मामला सूबे के ग्वालियर से सामने आया है, जहां आरटीओ चेकिंग के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में उड़नदस्ता टीम में शामिल एक होमगार्ड जवान को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में जवान की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड जवान देवेंद्र मिश्रा आरटीओ की उड़नदस्ता टीम के साथ नेशनल हाईवे पर चेकिंग ड्यूटी में तैनात थे। टीम पनिहार थाना क्षेत्र में शीतला माता मंदिर के पास वाहनों की जांच कर रही थी और हर गुजरने वाले वाहन को रोककर चेक किया जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक मौके पर पहुंचा और देवेंद्र मिश्रा को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि, ट्रक की चपेट में आए जवान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
प्रत्यक्षदर्शी आशीष का कहना है कि, ये सनसनीखेज सड़क दुर्घटना पनिहार के छौंदा गांव के पास घटी है। बताया जा रहा है कि, देवेंद्र मिश्रा उड़नदस्ते में चेकिंग ड्यूटी में थे और टॉयलेट के लिए सड़क पार करके गए थे, वापस लौटते वक्त पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, चपेटमें आए होमगार्ड जवान देवेंद्र मिश्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इधर, ट्रक चालक ने रोके बिना ट्रक को तेजी से दौड़ा दिया और आखिरकार मौके से फरार हो गया।
वहीं, दूसरी तरफ घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर उसे कब्जे में लिय और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना किया। हादसे के बाद पनिहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, आज पोस्टमार्टम के बाद देवेंद्र मिश्रा का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द किया जाएगा।
-RTO चेकिंग पर तैनात होमगार्ड जवान को बेलगाम दौड़ते ट्रक ने रौंदा।
-हादसे में जवान की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत।
-हादसे के बाद घटना स्थल से फरार हुआ ट्रक चालक।
-मामला दर्ज करते हुए फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस।
Updated on:
11 Apr 2026 07:48 am
Published on:
11 Apr 2026 07:48 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
