12 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gwalior News: राज्य सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप दूसरा दिन, लविन की शानदार वापसी से क्वालिफिकेशन में छाए मुकाबले

MP State Senior Badminton Championship: जीएच रायसोनी मेमोरियल राज्य सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दम, बुधवार से शुरू होगा मुख्य दौर।
2 min read
Google source verification
state senior badminton championship

MP State Senior Badminton Championship, राज्य सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का दूसरा दिन (Source-patrika)

MP State Senior Badminton Championship 2026: मध्यप्रदेश के मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कम्पू स्थित पुलेला गोपीचंद उत्कृष्ट बैडमिंटन अकादमी में आयोजित जीएच रायसोनी मेमोरियल 64वीं इंटर डिस्ट्रिक्ट एवं 79वीं मध्यप्रदेश राज्य सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को नए 15 अंकों के प्रारूप में खेले गए क्वालिफिकेशन मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। दिनभर चले मुकाबलों में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। कई मुकाबले तीन गेम तक खिंचे, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों देखने लायक रहे।

दिन का सबसे यादगार मुकाबला

दूसरे दिन का सबसे यादगार मुकाबला यूआईएन के लविन कुलहाड़े और जबलपुर के अक्षत कुमार मौर्य के बीच खेला गया। पहले गेम में 10-15 से पिछड़ने के बाद लविन ने शानदार वापसी की। उन्होंने अगले दोनों गेम 15-11 और 15-11 से जीतकर न केवल मैच अपने नाम किया, बल्कि शानदार जुझारूपन का भी परिचय दिया। दर्शकों ने उनकी वापसी पर जोरदार तालियों से उत्साहवर्धन किया।

ये मुकाबले भी रहे रोचक

तीसरी वरीयता प्राप्त प्रमेश पाटीदार ने भी संघर्षपूर्ण मुकाबले में भारत खत्री को 15-12, 14-16, 15-12 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं शिवांश गुर्जर ने नवीन कुंडू को 15-6, 13-15, 15-6 से मात देकर अपनी चुनौती बरकरार रखी। वर्धन अग्रवाल ने जय सिंह राजपूत को 15-4, 15-5 से एकतरफा अंदाज में हराते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। इसके अलावा अथर्व सक्सेना, ओम पटेल, भव्य मित्तल, नैवेद्य तोंडै, अनिकेत यादव, अभिनव शर्मा, अर्पित पाल और तेजस बारोड़ सहित कई खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मुख्य दौर में जगह बनाई। खिलाड़ियों की तेज रफ्तार, आक्रामक खेल और लंबी रैलियों ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।

मेन ड्रॉ में पहुचे ये खिलाड़ी

पुरुष युगल वर्ग में भी कड़े मुकाबले देखने को मिले। अवधेश जाट-प्रमेश पाटीदार, अर्पण काविया-रेवांश मालवीया, उज्ज्वल गोयल-नैवेद्य पांडे तथा नवनीत कांतारे-दीपक पवार की जोड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर मेन ड्रॉ में प्रवेश सुनिश्चित किया। आयोजन समिति के सचिव अनिरुद्ध सिंह सिसौदिया ने बताया कि बुधवार से प्रतियोगिता के मुख्य दौर की शुरुआत होगी। इसमें प्रदेश के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कोर्ट पर उतरेंगे, जिससे मुकाबले और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन के नए 15 अंकों के प्रारूप के कारण मैचों की गति तेज हुई है और खिलाड़ियों को शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाना पड़ रहा है।