
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को एक बार फिर मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। वे इस बार ग्वालियर में 19 हजार करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करने आए हैं। प्रदेश में इस साल उनका यह 9वां दौरा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1355 आवासों का लोकार्पण, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण व 9 शहरों की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण करने आए हैं। इसके अलावा मध्यप्रदेश में ही विभिन्न विकास कार्यों का ग्वालियर से ही वर्चुअल रूप से हिस्सा ले रहे हैं। मोदी पीथमपुर में बनने वाले मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क की नींव रख रहे हैं। पीएम आवास योजना ग्रामीण में दो लाख आवासों में गृहप्रवेश भी करवाने आए हैं। विदिशा, बैतूल सहित अन्य जिलों में क्रिटिकल केयर ब्लॉक की नींव रखने के साथ ही दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस वे का लोकार्पण कर रहे हैं।
Live Updates
एक भी कांग्रेस ने स्वच्छता अभियान में कदम नहीं रखा
4.55 pm
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देशभर में स्वच्छता की बात हो रही है, अभियान चल रहा है। पूरे देश ने इस अभियान में काम किया। आपने एक भी कांग्रेसी व्यक्ति को इस अभियान में देखा क्या। किसी कांग्रेस ने कोई संदेश दिया क्या। जो स्वच्छता में सहयोग नहीं कर सकते उनसे मध्यप्रदेश में क्या उम्मीद कर सकते हैं।
4.53 pm
मोदी ने कहा कि बहनों से कहा है कि मैंने तो मेरी गारंटी पूरी की, क्या आप गारंटी देंगी? घर मिलने के बाद अपने बच्चों को अच्छे से पढ़ाना है। कोई न कोई कौशल सिखाना है। आपकी गारंटी मुझे काम करने की ताकत देती है। नारी सशक्तिकरण वोटबैंक का नहीं, राष्ट्र निर्माण का मिशन है। पहले महिलाओं को बार-बार रोका जाता था, लेकिन मोदी ने गारंटी दी थी। आज नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक शक्ति बन गया है।
मोदी ने कहा कि आज युवाओं और फर्स्ट वोटर्स ने तो विकसित मध्यप्रदेश देखा है। लेकिन, पहले बहुत बुरी हालत थी। मध्यप्रदेश के लिए आने वाले पांच साल बहुत अहम है। ग्वालियर में नया एयरपोर्ट टर्मिनल बन रहा है। नया बस अड्डा, स्कूल, कॉलेज एक के बाद एक पूरे ग्वालियर की तस्वीर बदल रही है। ऐसी ही पूरे मध्यप्रदेश की तस्वीर बदलना है। इसलिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। आज ही झाबुआ, मंदसौर को जोड़ने वाली आठ लेन का भी लोकार्पण हुआ है। पहले टू लेन को तरसते थे। आज एमपी में 8 लेन के एक्सप्रेस बन रहे हैं। हरदा-इंदौर के बीच भी काम शुरू हुआ है। अभी एक ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई गई है।
राजस्थान में सरे आम गले काटे जाते हैं
मोदी ने कहा कि राजस्थान में देखिए सरे आम गले काटे जाते हैं, यह विकास विरोधी लोग जहां जाते हैं, इससे गुंडे, भ्रष्टाचारी बेलगाम हो जाते हैं। बीते सालों में इन विकास विरोधियों के राज्यों में क्राइम और करप्शन बढ़ा है। एमपी को इन लोगों से सावधान रहना है। मोदी ने कहा कि जिनको किसी ने पूछा, उनको मोदी पूजता है। क्या 2014 से पहले किसी ने दिव्यांग शब्द सुना था, जो शारीरिक रूप से किसी तरह चुनौतियों से घिरे रहते थे, उन्हें बेसहारा छोड़ दिया था। यह हमारी सरकार है, उनके लिए कामन साइन लैंग्वेज, सहित कई काम करती है। मोदी ने कहा कि दुनिया के अंदर खेल की चर्चा होगी, दिव्यांग की चर्चा होगी, ग्वालियर का नाम रौशन होने वाला है। जिनको किसी ने पूछा, उनको मोदी पूछता है, उनको मोदी पूजता है। इतने सालों तक देश के छोटे किसानों को किसी ने पूछा, उनको मोदी ने पूछा। हमारे देश में ढाई करोड़ ऐसे किसान है जो मोटा अनाज उगाते हैं, यह हमारी सरकार ने मोटे अनाज को श्री अन्न की पहचान दी। उन्हें दुनियाभर में ले जा रही है।
4.42 pm
पीएम मोदी ने बोला विपक्ष पर हमला
आज भारत 10वें नंबर से 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बन गया है। लेकिन यह विकास विरोधी लोग सिद्ध करने में जुटे हैं कि ऐसा हुआ ही नहीं है। मोदी ने गारंटी दी है कि अगले कार्यकाल में भारत दुनिया की टॉप तीन इकॉनामी में एक नाम हमारे हिन्दुस्तान का होगा। इससे भी सत्ता के भूखे लोगों को दर्द हो रहा है। विकास विरोधी लोगों को देश ने 6 दशक दिए थे। 60 साल कोई कम नहीं होता है। यदि 9 साल में इतना हो सकता है तो 60 साल में कितना हो सकता था। उनके पास भी मौका था। यह वो नहीं कर पाए। यह उनकी नाकामी है। वे तब भी गरीबों की गरीबी से खेल-खेलते थे। वे तब भी जात-पांत के नाम पर बांटते थे, आज भी वही पाप कर रहे हैं। वो तब भी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे रहते थे और आज तो वे एक से बढ़कर एक घोर भ्रष्टाचारी हो गए हैं। वे तब भी सिर्फ और सिर्फ एक परिवार का गौरव गान करते थे, आज भी वही करने में अपना भविष्य देखते हैं। इसलिए उनको देश का गौरवगान पसंद नहीं आता। इसलिए मोदी ने गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी परिवारों को पक्के घर की गारंटी दी है। अब तक देश में 4 करोड़ लोगों को पक्के घर मिल गए हैं। यहां एमपी में भी लाखों घर गरीब परिवारों को दिए जा चुके हैं। आज भी इतनी बड़ी संख्या में घरों का लोकार्पण किया गया है। जब उन लोगों की सरकार दिल्ली में थी, तब भी लूट होती थी। यह लोग घर बनवाते थे वो रहने लायक नहीं होते थे। आज जो घर बन रहे हैं, उनमें खुशी-खुशी गृह प्रवेश हो रहा है।
4.34 pm
एमपी को टॉप-10 से टॉप 3 में ले जाएंगे
मोदी ने कहा कि यह इतने सारे काम डबल इंजन की सरकार के साझा प्रयास के परिणाम है। इसलिए आज मध्यप्रदेश का भरोसा डबल इंजन की सरकार पर है। डबल इंजन यानी एमपी का डबल विकास। बीते वर्षों में हमारी सरकार मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से देश के टॉप 10 राज्यों में ले आई है। यहां से अब हमारा लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश के टॉप 3 राज्यों में ले जाने का है। यह काम कौन कर सकता है। यह गारंटी कौन दे सकता है। यह गारंटी एक जिम्मेदार नागरिक के नाते आपका एक वोट मध्यप्रदेश को नंबर तीन पर ले जा सकता है। डबल इंजन को दिया आपका हर वोट एमपी को टॉप 3 में पहुंचाएगा। एमपी का विकास वो लोग नहीं कर सकते, जिनके पास न तो कोई नई सोच है, न तो विकास का रोड मैप है।
मोदी ने विपक्ष पर कहा कि इन लोगों का सिर्फ एक ही काम है, देश की प्रगति से नफरत, भारत की योजनाओं से नफरत, अपनी नफरत में यह देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते हैं। आज पूरी दुनिया भारत का गौरवगान कर रही है। दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिखता है, लेकिन जो राजनीति में उलझे हुए हैं, कुर्सी के सिवाय जिन्हें कुछ नजर नहीं आता, उन्हें आज हिन्दुस्तान का दुनिया में डंका बजना भी अच्छा नहीं लगता।
4.33 pm
मोदी ने कहा कि मेरे परिवारजनों दशहरे, धनतेरस और दीपावली से पहले आज सवा दो लाख परिवार अपने घर में प्रवेश कर रहे हैं। आज कनेक्टिविटी के भी कई प्रोजेक्ट का शुभारंभ हुआ है। उज्जैन में विक्रम उद्योगपुरी और इंदौर में मल्टी मोडल लाजिस्टिक पार्क मध्यप्रदेश के औद्योगिकीकरण का विस्तार करेंगे। यहां के युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर होने वाले हैं। आज आईआईटी इंदौर में भी बहुत काम शुरू हुए हैं। ग्वालियर के साथ साथ विदिशा, बैतूल, कटनी, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, दमोह और शाजापुर को नए स्वास्थ्य केंद्र भी मिले हैं।
4.27 pm
मोदी ने कार्यक्रम में आए लोगों को परिवारजन बताते हुए संबोधित किया। यह धरती साहस, सैन्य गौरव, स्वाभिमान, संगीत, स्वाद और सरसों का प्रतीक है। ग्वालियर ने देश के लिए एक से एक क्रांतिवीर दिए हैं। ग्वालियर-चंबल ने राष्ट्र रक्षा के लिए हमारी सेना के लिए अपनी वीर संतानें दी हैं। ग्वालियर ने भाजपा की नीति और नेतृत्व को भी आकार दिया है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी, अटल बिहारी वाजपेयी जी को ग्वालियर की मिट्टी ने गढ़ा है। यह धरती अपने आप में एक प्रेरणा है। इस मिट्टी से जो भी देशभक्त निकला, उसने खुद को राष्ट्र के लिए खपा दिया। उसने अपना जीवन राष्ट्र के नाम कर दिया। मोदी ने कहा कि हम जैसे करोड़ों भारतीयों को देश की आजादी के लिए लड़ने का सौभाग्य नहीं मिला। लेकिन, भारत को विकसित बनाने, भारत को समृद्ध बनाने का दायित्व हम सबके कंधों पर है। आज भी इस मिशन को आगे बढ़ाने फिर एक बार मैं आपके बीच ग्वालियर आया हूं। अभी यहां लगभग 19 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। मैं देख रहा था कि एक के बाद एक लोकार्पण या शिलान्यास के कर्टन खुल रहे थे। इतनी बार कर्टन खुले कि आप तालियां बजाते हुए थक गए। आप कल्पना कर सकते हैं कि एक साल में कोई सरकार जितने लोकार्पण और शिलान्यास का काम नहीं कर सकती आज एक दिन में हमारी सरकार कर सकती है। लोग तालियां बजाते थक जाते है।
4.27 pm
पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन शुरू।
4.26 pm
ग्वालियर से सुमावली के बीच चलने वाली रेलगाड़ी को पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाई। रेल गाड़ी गंतव्य की तरफ आगे बढ़ने लगी। यह रेलगाड़ी तीन समय चलेगी। इसमें छोटे व्यक्तियों को काफी लाभ मिलेगा।
4.17 pm
पीएम मोदी ने दिल्ली, बड़ोदरा, मुंबई एक्सप्रेस वे का लोकार्पण किया। इसके अलावा मध्यप्रदेश के कई जिलों से गुजरने वाली सड़कों का भी भूमिजन किया।
4.09 pm
चौहान ने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर भी हमला बोला। मोदी सरकार ने जब मध्यप्रदेश में आवास भेजे तो कमलनाथ ने वापस लौटा दिए। बनाए ही नहीं। कई योजनाओं को बंद कर दिया। चौहान ने कहा कि पीएम किसान योजना मोदीजी ने भेजी, कमलनाथ ने नाम ही नहीं भेजे। बाद में हमारी सरकार आई तब सूची भेजी, आज लोगों को लाभ मिल रहा है।विकास की दौड़ में हम काफी आगे आए हैं। पीएम मोदीजी के आशीर्वाद से ऐसे ही आगे बढ़ता रहा।
4.07 pm
चौहान ने कहा कि कोविड के समय जब सारा संसार संकट में था, जब भारत ने वैक्सीन बनाने का काम किया। आज जो हम स्वस्थ हैं तो यह पीएम मोदीजी के विजन के कारण। पीएम मोदीजी ने आयुष्मान भारत योजना बनाई। तीन करोड़ 70 लाख आयुष्मान कार्य मध्यप्रदेश में बने जो देश में सबसे अधिक थे।
4.06 pm
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज पीएम मोदीजी के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश सरकार ने सिंचाई की व्यवस्था पर्याप्त की है। केन और बेतवा योजना मंजूर हो चुकी है। आज दो लाख से ज्यादा गरीब लोग अपने घर में प्रवेश करने वाले हैं। 38 लाख मकान दिए ग्रामीण क्षेत्र में। 35 लाख बना दिए। क्या यह कांग्रेस के राज में बनते थे। गांव में भी मकान और शहर में भी मकान।
4.01 pm
देश की सीमाएं सुरक्षित हैं
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गांधीजी कहते हैं कि स्वच्छता में ही ईश्वर निवास करते हैं। उनके आदर्शों को आगे बढ़ाया पीएम मोदीजी ने। पीएम मोदीजी ने हाथों में झाड़ू उठाई तो पूरे देश ने अपने हाथों में झाड़ू थाम ली। आज पीएम मोदीजी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। लेकिन, उस समय शास्त्रीजी को कहना पड़ा था कि अन्न के संकट में कहा था कि एक दिन वृत रखों, लेकिन पीएम मोदीजी ने ऐसा चमत्कार किया है आज अन्न का उत्पादन हो गया है 600 मीट्रिक टन। गेहूं निर्यात में भी मध्यप्रदेश नंबर वन हो गया है। अकेले ग्वालियर में एक हजार बिस्तरों का अस्पताल, चंबल में पीने का पानी, शानदार एयरपोर्ट, शानदार रेलवे स्टेशन, ग्वालियर वालों से पूछना चाहता हूं कि जितने विकास के काम भाजपा कर रही है इतने कांग्रेस ने कभी किए थे क्या। चारों तरफ विकास की गंगा बह रही है। सुनाउंगा तो आधी रात हो जाएगी। पूरे एमपी मे ंगर्व है कि कांग्रेस जब थी टूटी फूटी सड़के होती थी। आज पांच लाख किलोमीटर सड़के बना दी। यह पीएम मोदीजी के आशीर्वाद से बना दी।
4.00 pm
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संबोधन शुरू। पीएम मोदी का स्वागत किया।
3.45 pm
मंच पर पहुंचे पीएम मोदी। खुले वाहन में जनता का अभिवादन करते हुए मंच पर पहुंचे मोदी।
3.12 pm
पीएम मोदी ग्वालियर के मेला ग्राउंड के लिए रवाना। यहां मोदी की बड़ी सभा का आयोजन होगा।
3.05 pm
पीएम नरेंद्र मोदी ग्वालियर पहुंचे। ग्वालियर एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने स्वागत किया।
2.50 pm
पीएम मोदी के दौरे को लेकर क्या बोले सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पीएम मोदी के दौरे से पहले कहा है कि आज पीएम मोदी का आगमन न सिर्फ ग्वालियर, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए विकास और प्रगति के पैगाम का संदेश है। सिंधिया ने कहा कि आज गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती है, बापू ने हमेशा देशवासियों को अंत्योदय का लक्ष्य स्थापित करने की प्रेरणा दी थी और लाल बहादूर शास्त्री ने जय जवान जय किसान का नारा दिया था। आज मोदीजी के नेतृत्व में भारत उन दोनों लक्ष्यों के प्रति अग्रसर हो चुका है।"
2.30 pm
इस साल इतनी बार आए
9 जनवरी: इंदौर में प्रवासी भारतीय कार्यक्रम में आए।
1 अप्रेल : भोपाल में वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई।
25 अप्रेल : रीवा में पंचायती राज सम्मेलन में शामिल हुए।
27 जून : भोपाल में वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई।
1 जुलाई : शहडोल में सिकल सेल उन्मूलन मिशन लॉन्च।
12 अगस्त : सागर में संत रविदास मंदिर की आधारशिला
14 सितंबर : बीना में पेट्रो केमिकल प्लांट की आधारशिला
25 सितंबर : भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ में आए।
यह भी पढ़ें)
Updated on:
02 Oct 2023 05:22 pm
Published on:
02 Oct 2023 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
