
गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को एसएएफ ग्राउंड पर ईसीएस स्कूल ने सांस्कृतिक प्रदर्शन के लिए कड़ाके की सर्दी में करीब डेढ़ घंटे तक छात्रों को अर्धनग्न अवस्था में खड़ा रखा। महात्मा गांधी व बिरसा मुंडा का किरदार निभा रहे यह छात्र अपने प्रदर्शन की प्रतीक्षा में खड़े थे। जैसे कलेक्टर अक्षय कुमार की नजर इन बच्चों पर पड़ी तो वह सीधे इनके पास पहुंचे और कार्यक्रम को रोककर बच्चों के साथ इस अमानवीय बर्ताव को लेकर नाराजगी जताई और उनको कपड़े पहनाने के लिए कहा गया।
इस दौरान ग्राउंड पर मौजूद एसआई अतर सिंह कुशवाहा ने ठंड से ठिठुर रहे बच्चों को अपना गरम ब्लेजर पहनाया। इसके बाद प्रस्तुति शुरू हुई। हालांकि इससे पूर्व करीब एक से डेढ़ घंटे तक बच्चे सर्दी में ऐसे ही खड़े रहे थे। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार ने स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बच्चे बोले- प्रस्तुति के लिए गर्म जैकेट उतार धोती-कुर्ता पहना था
शहर के ईसीएस बैगलैस स्कूल के बच्चों ने गणतंत्र दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया था। इस दौरान स्कूल के रुद्रांश को विरसा मुंडा और नैतिक को महात्मा गांधी बनाया गया था। प्रस्तुति के दौरान नैतिक ने धोती-कुर्ता पहन रखा था और रुद्रांश ने सिर पर स्टॉल लगा रखा था।बच्चों का कहना है कि वह स्कूल से जैकेट पहनकर यहां तक आए थे, चूंकि प्रस्तुति होना थी, इसलिए उन्होंने जैकेट को उतारकर धोती-कुर्ता पहन लिया था। हालांकि जब तक बच्चों के प्रस्तुति देने का नंबर आया तब तक करीब एक से डेढ़ घंटे तक बच्चे ऐसे ही कपड़े में ग्राउंड पर खड़े रहे। बता दें कि प्रदेश के साथ ग्वालियर चंबल संभाग में कड़ाके की सर्दी को देखते हुए सभी विद्यालय सुबह 11 बजे से ही संचालित हो रहे हैं।
स्कूलों को निर्देश दिए गए थे गर्म कपड़ों में लाए बच्चों को
जिले में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और सभी विद्यालय का समय भी बदला गया है। सर्दी को देखते हुए सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए थे कि बच्चें को गर्म कपड़ों में ही कार्यक्रम प्रस्तुति में लाया जाए। लेकिन स्कूल प्रबंधन द्वारा गंभीर लापरवाही बरती है इसलिए नोटिस जारी किया गया है, जवाब नहीं आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- अजय कटियार, जिला शिक्षा अधिकारी ग्वालियर
Updated on:
28 Jan 2024 08:25 am
Published on:
28 Jan 2024 08:18 am
