ग्वालियर

उमा भारती ने गौवंश की सेवा कर गुजारा दिन, बोलीं- ‘देश को मधुशाला नहीं गौशाला की जरूरत’

- आदर्श गौशाला लाल टिपारा मुरार पहुंची उमा भारती- उनके सीएम काल में रखी गई थी गौशाला की नींव- गौभोग लगाकर उमा भारती ने किया गौपूजन किया- बोलीं- देश - प्रदेश में मधुशाला नहीं गौशाला जरूरी

2 min read
उमा भारती ने गौवंश की सेवा कर गुजारा दिन, बोलीं- 'देश को मधुशाला नहीं गौशाला की जरूरत'

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती रविवार को अपने कार्यक्रम अनुसार ग्वालियर जिले के मुरार में स्थित लाल टिपारा आदर्श गौशाला पहुंची। आपको बता दें कि, इस गौशाला की नींव उमा भारती द्वारा ही उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान रखी गई थी। सबसे पहले यहां पहुंचकर उमा भारती ने गौभोग लगाकर गौ पूजन किया। यही नहीं, आज दिनभर वो गौशाला में ही रुकीं और यहां मौजूद गौवंशों की सेवा की। इस दौरान उमा भारती ने कहा कि, राज्य और देश को मधुशाला की नहीं बल्कि गौशाला की जरूरत है। जहां एक तरफ मधुशाला से घर बर्बाद होते हैं, वहीं गौशाला से सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होता है।

उमा भारती ने कहा कि, ये प्रदेश की सबसे सर्वोत्तम और सुंदर गौशाला है, जहां श्रीकृष्णायन संतो और शासन के सामंजस्य से इतनी बड़ी व्यवस्था बहुत अच्छी तरीके से चलाई जा रही है। आज गौशाला में एक गौ सेवक की बहन के लगुन फलदान के आयोजन पर उन्होंने बेटी को आशीर्वाद भी किया। यहां से भोजन के बाद उमा भारती हरिद्वार के लिए रवाना हो गईं।


सीएम शिवराज को कई बार दे चुकी हूं सलाह- उमा

मीडिया से बातचीत के दौरान उमा भारती ने कहा कि, मेरी सभी लोगों से अपील है कि, मधुशाला छोड़ो गौशाला की ओर बढ़ो। शराब छोड़ो और देसी गाय का दूध पियो, स्वस्थ रहो प्रसन्न रहो। प्रदेश में गौशालाओं के ठीक प्रबंधन न होने पर उमा भारती ने कहा कि, गौशालाओं की असफलता के पीछे प्रबंधन समिति की असफलता है। अगर गाय को धन कमाने का साधन बना लिया तो गाय की दुर्दशा ही होगी।उन्होंने ये भी कहा कि, सीएम शिवराज सिंह चौहान को कई बार सलाह दे चुकी हूं। गौशाला को तब तक स्वीकृत मत करो जब तक यह सुनिश्चित ना हो जाए कि वह चल भी पाएगी या नहीं।


कांग्रेस पर तंज

गाय को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए आरोपों पर उमा भारती ने तंज कसते हुए कहा कि, 'कांग्रेस को अपनी हिस्ट्री नहीं भूलनी चाहिए। जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थी, तब उन्होंने संतों पर गोलियां चलवाई थी। सैकड़ों संत मारे गए थे। गौ हत्या पर रोक लगाने के लिए जनसंघ कार्यकर्ता और साधु संत भी गए थे, जिनकी हत्या की गई। इसलिए कांग्रेस जब भी लोकतंत्र की बात करें तो इमरजेंसी को याद कर ले। गाय की बात करें तो इंदिरा जी के वक्त चलाई गई गोलियों को याद करना चाहिए।


जोशी मठ आपदा मामले पर बोली उमा भारती

जोशी मठ आपदा मामले पर उमा भारती ने कहा कि, 'माफिया जोशीमठ समेंत पूरे उत्तराखंड को बर्बाद कर रहे हैं। देश में 3 बड़े माफिया इसके दोषी हैं। शराब माफिया, खनन माफिया और पावर जनरेशन माफिया। हिमालय के पहाड़ लाखों साल पुराने कच्चे पहाड़ हैं। जोशीमठ के नीचे सुरंग बना ली है। जब मैं मंत्री थी, तब एफिडेविट दे चुकी हूं। उत्तराखंड में गंगा और उसकी सहायक नदियों पर पावर प्रोजेक्ट ना लगाया जाए। अगर लगा रहे हैं तो छोटे-छोटे पावर प्रोजेक्ट लगाएं, लेकिन देश के 3 माफियाओं ने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया। पर्यावरणविदों को मैनेज कर स्वीकृति ली जाती है। उसका ही परिणाम बनी है जोशीमठ की घटना। मैं खुद जोशीमठ जा रही हूं। वो आदि शंकराचार्य जी की तपस्थली है। इसलिए हम जोशीमठ को नष्ट नहीं होने देंगे।'

Published on:
08 Jan 2023 08:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर