
ग्वालियर में युवक ने की आत्महत्या (Photo Source- Patrika)
MP News : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शोरूम कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या से पहले युवक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजन ने चक्काजाम कर मृतक को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। साथ ही, कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मृतक के परिजन को शांत कराया। इसके बाद मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर मामले की जांच शुरू की।
बता दें कि, शहर के थाटीपुर कुम्हरपुरा का रहने वाले 25 वर्षीय विशाल सिंह जादौन विश्वविद्यालय थाना इलाके के कलेक्ट्रेट रोड स्थित आईकार्वी टाइल्स शॉप का कर्मचारी था। उसने दुकान के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी उस समय लगी, जब अन्य कर्मचारियों ने उसे फांसी पर लटका देखा। इसके बाद पुलिस और परिजन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस को तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतक ने लिखा था कि, वो अपना फर्ज नहीं निभा पाया। साथ ही उसने लिखा- 'मैं पापा के पास जा रहा हूं, ऊपर जाकर वहां लूडो की प्रैक्टिस करूंगा और ऊपर से सब देखूंगा, दोनों भाई मां का ध्यान रखना।' पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की शाम परिजन शव लेकर अल्कापुरी तिराहे पहुंचे और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
नाराज परिजन ने आरोप लगाया कि, करीब 20 दिन पहले तोमर बिल्डिंग से जुड़े कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके चलते वो मानसिक रूप से परेशान था। परिजन ने कहा कि, इसी कारण उसने ये कदम उठाया। परिजन ने संबंधित लोगों को मौके पर बुलाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि पुलिस ने परिजन को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Updated on:
21 Jan 2026 02:16 pm
Published on:
21 Jan 2026 02:16 pm
