
कोल्ड्रिंक पीने से युवती की मौत, PC- X
फतेहपुरय/हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा हृदयविदारक मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चांदपुर थाना क्षेत्र के धाना गांव में एक युवती की शादी से ठीक पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक पीने से युवती और बच्चों की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद युवती ने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धाना गांव निवासी हरिश्चंद्र निषाद की 19 वर्षीय पुत्री खुशबू की शादी तय हो चुकी थी। आगामी 8 मई को उसकी बारात चांदपुर के तारनडेरा गांव से आनी थी। घर में चारों तरफ मंगल गीत गाए जा रहे थे, नाते-रिश्तेदार जुट चुके थे और शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं। खुशबू और उसका पूरा परिवार अपनी नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर बेहद उत्साहित था।
मृतका के नाना महेश कुमार ने बताया कि शनिवार शाम खुशबू ने घर पर कोल्डड्रिंक मंगाई थी। खुशबू के साथ घर के कुछ बच्चों ने भी कोल्डड्रिंक का सेवन किया। पीने के कुछ ही देर बाद खुशबू को तेज उल्टी और दस्त शुरू हो गए। धीरे-धीरे उसकी हालत नाजुक होने लगी। आनन-फानन में परिजन उसे अमौली स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल हमीरपुर के लिए रेफर कर दिया। बच्चों की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन खुशबू की जंग जारी रही।
जिला अस्पताल हमीरपुर में रात करीब 11:30 बजे खुशबू का उपचार शुरू हुआ, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। इलाज के दौरान रात करीब 12:30 बजे खुशबू की मौत हो गई। इस खबर ने परिजनों के पैरों तले जमीन खिसका दी। नाना महेश कुमार का सीधा आरोप है कि दुकानदार ने लापरवाही बरतते हुए एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक बेची, जिसे पीने से खुशबू की जान गई।
इस मामले में पुलिस का बयान उलझा हुआ नजर आ रहा है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआती सूचना के अनुसार युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, चांदपुर थाना प्रभारी विनोद ने घटना के संबंध में किसी भी आधिकारिक सूचना मिलने से इनकार किया है।
फिलहाल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। क्या वाकई मौत की वजह एक्सपायरी कोल्डड्रिंक थी या मामला कुछ और है, यह जांच का विषय है।
Updated on:
03 May 2026 09:04 pm
Published on:
03 May 2026 08:57 pm
बड़ी खबरें
View Allहमीरपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
