
AGTF की गिरफ्त में आरोपी विशाल कुमार उर्फ भईया, पत्रिका फोटो
AGTF Action: हनुमानगढ़। बंबीहा गैंग से हथियारों की सप्लाई लेने वाला आरोपी भईया पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एजीटीएफ हनुमानगढ़ ने विशाल कुमार उर्फ भईया (26) पुत्र बृजलाल निवासी बाबा दीपसिंह कॉलोनी, मजीठा रोड, अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। बंबीहा गैंग के गुर्गों से जब्त हथियारों में से कितने आरोपी विशाल उर्फ भईया को दिए जाने थे, इसकी पड़ताल में पुलिस जुटी हुई है।
दरअसल टाउन थाने की लखुवाली चौकी पुलिस ने एक मार्च को अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन और पवनदीप सिंह उर्फ बिल्ला उर्फ सन्नी निवासी जिला फरीदकोट, पंजाब को 11 पिस्टल और 22 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि बरामद हथियार विशाल कुमार उर्फ भईया ने मंगवाए थे।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जिला कारागार फिरोजपुर से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया। न्यायालय से रिमांड लेकर उससे हथियारों की खरीद-फरोख्त और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ शुरू की गई। इससे पहले गिरफ्तार आरोपी पवनदीप उर्फ बिल्ला और अमनदीप उर्फ कैप्टन को जांच के बाद जिला कारागार हनुमानगढ़ भेजा जा चुका है।
एजीटीएफ प्रभारी करण बराड़ के सुपरविजन में मामले की जांच कर रहे लखवीर सिंह ने बताया कि आरोपी विशाल उर्फ भईया बहुत शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित करीब 30 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी से जिले में अंजाम दी गई वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एजीटीएफ टीम के पुलिस निरीक्षक लखवीर सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल हर्षवर्धन, सुलेन्द्र और नरेन्द्र कुमार शामिल रहे।
Published on:
15 Mar 2026 01:25 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
