8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बैंक कार्मिकों को बंधक बनाकर लूटे 12 लाख 46 हजार, सात मिनट में दिया वारदात को अंजाम

गांव जंडावाली स्थित मरूधरा ग्रामीण बैंक शाखा में गुरुवार को कार सवार चार अज्ञात जनों ने 12 लाख 45 हजार रुपए लूट लिए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

हनुमानगढ़

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 31 Dec 2020, 9:03 PM IST

Robbers loot 12.40 lakh rupees from bank in hanumangarh

हनुमानगढ़। गांव जंडावाली स्थित मरूधरा ग्रामीण बैंक शाखा में गुरुवार को कार सवार चार अज्ञात जनों ने 12 लाख 45 हजार रुपए लूट लिए। बैंक कर्मचारियों तथा मौजूद ग्राहकों को कमरे में बंद कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। केवल पांच से सात मिनट में ही डकैती कर अज्ञात लुटेरे फरार हो गए। सूचना मिलने पर एसपी राशि डोगरा, एएसपी जस्साराम बोस, सदर थाना प्रभारी लखवीर सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। बैंक में सुरक्षा संबंधी पुख्ता प्रबंध नहीं होने पर एसपी ने बैंक शाखा प्रबंधक को लताड़ लगाई। इस संबंध में बैंक शाखा प्रबंधक ने सदर थाने में अज्ञात जनों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कराया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब पौने चार बजे बैंक शाखा में तीन कर्मचारी तथा आठ-दस ग्राहक थे। तभी हथियारों से लैस नकाबपोश तीन अज्ञात जने बैंक में आए। शाखा प्रबंधक अक्षय प्रणामी के सिर पर बंदूक तान दी। शेष दो लुटेरे भी टेबल फांदकर दूसरी तरफ चले गए।

बैंक कार्मिकों तथा ग्राहकों को कमरे बंद कर दिया। कैशियर से सारी नकदी ले ली। इसके बाद शाखा प्रबंधक से सेफ रूम की चाबी लेकर उससे नकदी निकाल ली। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी आरोपी साथ ले गए। करीब पांच-सात मिनट में वारदात को अंजाम देकर अज्ञात लुटेरे चले गए। ग्रामीणों ने बताया कि अज्ञात लुटेरे स्विफ्ट कार ले आए थे। उसे बैंक शाखा के बाहर ही खड़ा किया था। लूट के बाद उसमें चढ़कर फरार हो गए।

एसपी राशि डोगरा ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली। जब बैंक शाखा में सुरक्षा प्रहरी तैनात नहीं होने का पता चला तो एसपी डोगरा ने शाखा प्रबंधक को लताड़ा। नाराजगी जताते हुए कहा कि बैंक अपनी आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को तो मजबूत करे ताकि वारदातों पर लगाम लग सके। समय रहते लुटेरों को दबोचा जा सके।

एक रहा कार में
पुलिस के अनुसार लूट की वारदात में चार जने शामिल थे। तीन जने हथियार लेकर बैंक में घुस गए। जबकि एक जना बैंक के बाहर कार में ही बैठा रहा। लूट के बाद कार किस दिशा में गई, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि यह माना जा रहा है कि कार में सवार अज्ञात लुटेरे श्रीगंगानगर की तरफ भागे।