2 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हनुमानगढ़ : संगरिया नगरपालिका में 2.12 लाख रुपए का गबन, तीन कर्मचारियों पर मामला दर्ज

हनुमानगढ़ जिले की संगरिया नगरपालिका में 2.12 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। मामले में तीन कर्मचारियों के खिलाफ गबन का मामला दर्ज किया गया है। निधि अंकेक्षण विभाग की जांच और नगरपालिका समिति की रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification
Sangaria Municipality

संगरिया नगरपालिका भवन (फोटो-पत्रिका)

हनुमानगढ़। संगरिया नगरपालिका की राजस्व वसूली में कथित गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। नगरपालिका में राजकोष में जमा की जाने वाली सरकारी राशि में अनियमितता पाए जाने पर तीन कर्मचारियों के खिलाफ गबन का मामला दर्ज किया गया है। निधि अंकेक्षण विभाग की जांच और नगरपालिका स्तर पर गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोप है कि विभिन्न रसीद पुस्तिकाओं के माध्यम से वसूले गए कुल 2 लाख 12 हजार 430 रुपए सरकारी खाते में जमा नहीं कराए गए।

पुलिस के अनुसार निधि अंकेक्षण विभाग, बीकानेर के जांच दल ने वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान नगरपालिका की आय से संबंधित रसीद पुस्तिकाओं, चालानों और रोकड़ बही का परीक्षण किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि कई रसीदों से प्राप्त राशि या तो राजकोष में जमा ही नहीं कराई गई अथवा वास्तविक राशि से कम जमा की गई। इस पर विभाग ने आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया।

यह वीडियो भी देखें :

जांच समिति ने खंगाले रिकॉर्ड

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने 25 मई को एक आंतरिक जांच समिति का गठन किया। समिति ने लेखा, स्थापना और राजस्व शाखा के रिकॉर्ड की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में भंडार शाखा और गृहकर एवं नगरीय विकास कर शाखा से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।

भंडार शाखा में 45 हजार रुपए से अधिक की गड़बड़ी

जांच रिपोर्ट के अनुसार भंडार शाखा को जारी रसीद पुस्तिका संख्या 109 में 25 मई 2023 से 31 जुलाई 2023 के बीच काटी गई रसीदों से प्राप्त 44 हजार 470 रुपए तथा रसीद पुस्तिका संख्या 116 की दो प्रविष्टियों से प्राप्त 1 हजार 370 रुपए राजकोष में जमा नहीं मिले। इस प्रकार भंडार शाखा से संबंधित कुल 45 हजार 840 रुपए की राशि सरकारी खाते में जमा नहीं होने की बात सामने आई। जांच में बताया गया कि संबंधित अवधि में शाखा का कार्यभार सहायक प्रशासनिक अधिकारी बलकरण सिंह के पास था, जबकि सेवानिवृत्त फायरमैन रामनारायण सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे थे।

गृहकर शाखा से जुड़ा सबसे बड़ा हिस्सा

वहीं गृहकर एवं नगरीय विकास कर शाखा की विभिन्न रसीदों से प्राप्त 1 लाख 66 हजार 590 रुपए भी राजकोष में जमा नहीं पाए गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार इस शाखा का कार्यभार सहायक कर्मचारी सुभाषचंद के पास था। मामले में अधिशासी अधिकारी पवन कुमार की रिपोर्ट पर बलकरण सिंह, सुभाषचंद और रामनारायण के खिलाफ स्थानीय थाने में गबन का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी एसआई प्रमोद सिंह को सौंपी है, जो पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं।