
हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय (फोटो-पत्रिका)
हनुमानगढ़। हरियाणा के अंबाला में तीन आतंकियों के पकड़े जाने के बाद इसके तार हनुमानगढ़ जिले से भी अब जुड़ रहे हैं। हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी और हनुमानगढ़ के किशनपुरा दिखनादा निवासी जसवंत कुमार उर्फ सोनू पुत्र बीरबलराम के खिलाफ मामला दर्ज कर जसवंत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लगातार पूछताछ में जुटी है।
टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई ने बताया कि जसवंत को डिटेन करके उससे पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया के जरिए जसवंत आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क साधने का प्रयास कर रहा था। इस पूरे प्रकरण की जांच करने में जिला पुलिस जुटी हुई है। जसवंत के मोबाइल से जुड़े समस्त सोशल मीडिया आईडी को खोलकर पुलिस एक-एक चैट की जांच कर रही है। ताकि आतंकी शहजाद भट्टी के साथ हनुमानगढ़ के किन-किन लोगों से संपर्क संभावित हैं, उनका पता लगाया जा सके।
टाउन पुलिस के अनुसार जसवंत ने आतंकी शहजाद भट्टी के इंस्टाग्राम आईडी पर दो बार संपर्क किया। इसमें जसवंत ने उक्त आतंकी को संपर्क करने तथा जरूरी काम होने का उल्लेख किया है। पुलिस के अनुसार उक्त आतंकी की हथियारों के साथ फोटो को भी जसवंत ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
अंबाला पुलिस की ओर से गिरफ़्तार तीनों आतंकी हनुमानगढ़ में कितने दिन रहे, किन लोगों के संपर्क में रहे, इसकी पड़ताल करने में हनुमानगढ़ पुलिस जुटी हुई है। गौरतलब है कि हनुमानगढ़ सहित कई शहरों को दहलाने की साजिश रचने वाले आतंकी शहजाद भट्टी ने हनुमानगढ़ सहित कुछ जगहों पर स्लीपर सैल बनाने की धमकी दी है।
पुलिस टीम हनुमानगढ़ में ठहरे आतंकियों के उन सभी जगहों तथा किन-किन वाहनों में उन्होंने सफर किया था, किन-किन लोगों के संपर्क में रहे, इसकी जांच कर रही है। ताकि संभावित स्लीपर सैल का सुराग लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि गत पखवाड़े स्टेट पुलिस को हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और अजमेर में स्लीपर सैल बनाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद हनुमानगढ़ पुलिस डीएसपी करण सिंह के नेतृत्व में लगातार उक्त मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार अंबाला से गिरफ्तार तीनों संदिग्ध आतंकी हनुमानगढ़ में वारदात करने की फिराक में थे। समय पर आरडीएक्स नहीं पहुंचने और बंबीहा गैंग के गुर्गों के हथियारों की खेप के साथ हनुमानगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ने से घबराकर संदिग्ध आतंकियों ने ठिकाना बदल लिया। आईईडी को करीब पांच दिन तक हनुमानगढ़ में रखने के बाद वे अंबाला की तरफ रवाना हो गए। उनकी बड़े शहर में बम विस्फोट करने की साजिश थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों संदिग्ध आतंकी आईईडी लेकर 27 फरवरी को हनुमानगढ़ आए। वे आरडीएक्स की सप्लाई का इंतजार कर रहे थे। इस बीच एक मार्च को टाउन थाना व लखूवाली चौकी पुलिस ने बंबीहा गैंग के गुर्गे अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन और पवनदीप सिंह उर्फ बिल्ला उर्फ सन्नी दोनों निवासी जिला फरीदकोट, पंजाब को 11 पिस्टल और 22 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से तीनों आतंकी अलर्ट हो गए और आईईडी लेकर तीन मार्च को अंबाला की तरफ रवाना हो गए थे।
अंबाला एसटीएफ ने 13 मार्च को दोसड़का बराड़ा रोड से बाइक सवार तीन जनों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब दो किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अंबाला के कम्बास गांव का जंगवीर सिंह, अजमेर का अली अकबर तथा तीसरा आरोपी मेरठ का रहने वाला है।
जंगवीर सिंह का संपर्क पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से रहा है। वह शहजाद भट्टी के कहने पर ही विस्फोटक लेकर आया था। तीनों के खिलाफ बराड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। जंगवीर सिंह पर पूर्व में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लग चुके हैं। इस बीच अब हनुमानगढ़ निवासी जसवंत के संपर्क भी आतंकी भट्टी से होने की पुष्टि हुई है। इससे मामला गंभीर होता हुआ नजर आ रहा है।
Updated on:
25 Mar 2026 04:44 pm
Published on:
25 Mar 2026 04:43 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
