
मासूम के साथ क्रूरता,बच्चे को डीप फ्रीजर में किया बंद। फोटो सोर्स-X (@imayankindian)
Child Locked In Deep Freezer: उत्तर प्रदेश के हापुड़ के गांव शेखपुर खिचरा में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दुकानदार ने कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में 7 साल के मासूम बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि दुकानदार ने बच्चे को सजा देने के नाम पर लगभग आधे घंटे तक डीप फ्रीजर के अंदर बंद कर दिया। इस दौरान मासूम ठंड से कांपता रहा और बाहर निकालने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपित का दिल नहीं पसीजा।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी इमरान का 7 साल का बेटा अनस सोमवार की शाम खेलते-खेलते गांव में स्थित आजाद नाम के दुकानदार की दुकान पर पहुंच गया था। इसी दौरान दुकानदार ने बच्चे पर कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान चोरी करने का शक जताया।
आरोप है कि बिना किसी पुष्टि के दुकानदार ने बच्चे को पकड़ लिया और सजा देने के नाम पर दुकान में रखे डीप फ्रीजर के अंदर बंद कर दिया। फ्रीजर के अंदर बंद होने के बाद मासूम लगातार रोता-बिलखता रहा और बाहर निकालने की गुहार लगाता रहा। ठंड के कारण उसकी हालत भी बिगड़ने लगी, लेकिन इसके बावजूद दुकानदार ने उसे बाहर नहीं निकाला।
घटना की सबसे शर्मनाक बात यह रही कि दुकानदार ने बच्चे को फ्रीजर से निकालने के बजाय उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मासूम के रोने और मदद की गुहार लगाने का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और लोगों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा की। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
करीब आधे घंटे तक फ्रीजर में बंद रहने के कारण बच्चे की तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने जब बच्चे की हालत देखी तो वे बेहद घबरा गए। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चे के साथ की गई इस क्रूरता को गंभीरता से लिया गया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि एक मासूम बच्चे के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
संबंधित विषय:
Published on:
01 Apr 2026 02:31 pm
बड़ी खबरें
View Allहापुड़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
