
हापुड़। कोरोना महामारी को मात देने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। इस दौरान सरकार के निर्देश पर प्रशासन लोगों को जरूरी सामान मुहैया कराने में जुटा है। हापुड़ में भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सरकार के निर्देशों का पालन कराने में जुटे हैं। इसको देखते हुए सोमवार सुबह धौलाना सीओ सादे कपड़ों में दुकान की लाइन में लगकर वहां का जायजा लेने पहुंचे।
सुबह खुल रही हैं दुकानें
पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है। लॉकडाउन के चलते जनपद हापुड़ में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक कुछ ढील दी जाती है। इसमें किराने की दुकान, दूध, फल और सब्जी की दुकानें खोली जाती हैं, जिससे सभी लोग रोजमर्रा की जरूरतों का सामान आराम से ले सकें। प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ दुकानदार खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी कर रहे हैं। प्रशासन को लगातार कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही हैं।
सामान का पर्चा लेकर पहुंचे थे सीओ
धौलाना सीओ डॉ तेजवीर सिंह को भी हापुड़ के पिलखुआ में खाद्य पदार्थ की कालाबाजारी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सीओ तेजवीर सिंह सादे कपड़ों में पिलखुआ के मंडी तिराहे पर स्थित किराने की दो दुकानों पर सामान लेने पहुंचे। सीओ सामान का पर्चा लेकर सादे कपड़ों में सामान लेने वाले लोगों की लाइन में लग गए। नंबर आने पर उन्होंने दुकानदार से सामान लिया। दुकानदार ने सीओ तेजवीर सिंह को भी महंगे दाम पर सामान दिया। फिर सीओ ने एसडीएम धौलाना विशाल यादव और खाद्य अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
यह कहा सीओ ने
खाद्य अधिकारियों ने कालाबाजारी करने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर दोनों दुकानदारों के खिलाफ कोतवाली पिलखुआ में मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों दुकानों पर सील भी लगा दी गई है। कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद जनपद के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। सीओ डॉ तेजवीर सिंह का कहना है कि पिलखुवा में दुकानदारों द्वारा ज्यादा रुपये लेने की शिकायत मिली थी। इस पर एसडीएम धौलाना व उन्होंने मिलकर एक टीम बनाई थी। जब उन्होंने वहां जाकर खरीदारी की तो शिकायत सही पाई गई। दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
Updated on:
13 Apr 2020 12:49 pm
Published on:
13 Apr 2020 12:46 pm
बड़ी खबरें
View Allहापुड़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
