
nemawar incident
किसी ने भी नहीं सोचा था कि अपनी ड्यूटी पर तैनात नेमावर थाना प्रभारी इस तरह चले जाएंगे। जब थाना प्रभारी का शव उनके घर पहुंचा तो पत्नी और परिजनों का बुरा हाल था। चीख-पुकार मचने लगी। पत्नी तो अपने पति के शव को छोड़ना ही नहीं चाहती थी। बार-बार वो पति को पकड़कर चीख रही थी। महज 39 साल की उम्र में पति इस दुनिया से विदा हो रहा था। इस भावुक पल को देख मजबूत दिल वाले भी अपने आप को नहीं रोक पाए। वहां मौजूद एक सिपाही से लेकर पुलिस के बड़े अफसर तक फूट-फूटकर रोने लगे।
देवास जिले के नेमावर थाना अंतर्गत आने वाली जामनेर नदी के स्टॉप डैम में रविवार को एक व्यक्ति के शव को निकालने गए नेमावर टीआई राजाराम वास्कले (39) की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक टीआई वास्कले की पत्नी, परिजनों के साथ ही पूरे पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हरदा और देवास जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर जांबाज टीआई वास्कले की असमय मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की।
नेमावर टीआई राजाराम वास्कले को जैसे ही सूचना मिली थी कि जामनेर नदी के डैम में शव तैर रहा है, तो वे तत्काल अपने स्टॉफ को लेकर पहुंचे। डैम के पानी में बने भंवर में शव घूम रहा था। उन्होंने किसी की राह नहीं देखी और बहादुरी दिखाते हुए कपड़े उतारकर पानी में कूद गए। पानी के भंवर में वे संभल नहीं पाए और डूब गए। पुलिस कर्मचारियों और तैराकों ने उन्हें बाहर निकाला और उनके पेट में गए पानी को बाहर निकाला। इसके बाद नेमावर अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक इलाज देकर हरदा जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उनकी छाती को पपिंग कर सांसे लाने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
यह भी पढ़ेंः
चीखती रही पत्नी, पुलिस वाले भी रोने लगे
शाम करीब 5 बजे मृतक टीआई वास्कले की पत्नी और परिजनों को लेकर पुलिस वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। वाहन से उतरते ही उनकीं पत्नी और परिजनों की चीख-पुकार मच गई। इस दौरान महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारी उनकीं पत्नी को संभालते रहे, लेकिन वह जोर-जोर से रोतीं रहीं। तभी उन्हें स्ट्रेचर पर रखे पति के शव के पास ले जाया गया। पति के शव को पकड़कर उनकी पत्नी रोती-बिलखतीं रहीं। जैसे-तैसे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए अलग किया। पत्नी का विलाप देखकर वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजनों की आंखों से भी आंसू निकल आए।
बहुत दुखद घटना है
नेमावर थाने के टीआई राजाराम वास्कले बहुत ही संवेदनशील अधिकारी थे। नदी में शव होने की सूचना पर वे जामनेर नदी के स्टॉप डैम पर गए थे। जहां डेड बॉडी भंवर में घूम रही थी। जिसे निकालने के लिए वे कपड़े उतारकर पानी में कूद गए थे, लेकिन पानी के भंवर में फंसकर डूब गए। जिन्हें बाहर निकालकर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। यह बहुत की दुखद घटना है।
-सूर्यकांत शर्मा, एएसपी, देवास
एक करोड़ की राशि देगी सरकार
मुख्यमंत्री शिवराज सिहं चौहान ने सोमवार को दुख व्यक्त किया है। चौहान ने ट्वीट संदेश में कहा है कि अत्यंत दुःखद है कि बड़वानी जिले के हमारे टीआई राजाराम वास्कले जी अपने कर्तव्य की पूर्ति करते हुए जामनेर नदी में शव निकालने के दौरान दुर्भाग्य से भंवर में फंस गए और अब हमारे बीच नहीं रहे। स्वर्गीय वास्कले जी का परिवार अब मेरा परिवार है, हमने फैसला किया है कि प्रशासन की ओर से वास्कले जी के परिवार को 1 करोड़ रुपए की सम्मान निधि दी जाएगी एवं राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मैं उनके चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं एवं परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि वह उनकी दिवंगत आत्मा को शांति दें।
Updated on:
17 Jul 2023 07:03 pm
Published on:
17 Jul 2023 06:54 pm
बड़ी खबरें
View Allहरदा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
