हरदा

मंदिर से लौट रही थी महिला, पीछे से आए बदमाश और गले से करीब 2 लाख की चेन ले उड़े

मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला के गले से पौने दो लाख से ज्यादा की चेन ले उड़े नकाबपोश बदमाश। CCTV खंगाल रही पुलिस।

2 min read
Sep 22, 2022
मंदिर से लौट रही थी महिला, पीछे से आए बदमाश और गले से करीब 2 लाख की चेन ले उड़े

हरदा. मध्य प्रदेश के हरदा में पुलिस की सुस्ती के चलते एक बार फिर चोर, लुटेरे और बदमाश सक्रिय होने लगे हैं। गुरुवार को शहर की प्रताप कॉलोनी में स्थित शंकर मंदिर से सुबह करीब 10 बजे घर लौट रही 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से दो नकाबपोश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। चेन की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है।

प्रताप कॉलोनी में रहने वाली पीड़िता कुुसुम पति अनिल अग्रवाल ने बताया कि, वो रोजाना की तरह गुरुवार को भी कॉलोनी के ही शिव मंदिर गई थी। पूजन के बाद पैदल सुबह 9.45 बजे वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक नीले रंग की बाइक पर दो लड़के बैठकर आए और पीछे बैठे लड़के ने उनके गले से सोने की चेन पैंडल समेत छीन ली। कुसुम ने बताया कि, पहचान के लिए पैंडल के पीछे अंदर की तरफ अंग्रेजी शब्द का K बना रखा है। उन्होंने बताया कि, पैंडल का वजन 3 तोले से ज्यादा है, जिसकी कीमत एक लाख 80 हजार रुपए के करीब है।


महिला ने बताया बदमाशों का हुलिया

महिला ने बताया कि, उनके गले से चेन खींचने वाले दोनों युवकों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। दोनों ने नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे। बाइक चलाने वाले ने नारंगी रंग के गमछे से मुंह बांध रखा था। घटना के बाद कुसुम बाई ने अपने देवर राजेश अग्रवाल के साथ थाने में लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि, वे आरोपियों को हुलिए और बाइक आदि को देखकर पहचान लेंगी। टीआई राजेश साहू ने कहा कि, हुलिए के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।


शहर के मौजूदा हालात

वहीं, दूसरी तरफ शहर के हालातों पर गौर करें तो यहां पुलिस गश्त बंद है। रात में भी अस्पताल, पुलिस चौकी, पुलिस सहायता केंद्र, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि जगहों पर सन्नाटा पड़ा रहता है। रविवार रात को नया बस स्टैंड के पाॅश कॉलोनी इंद्रलोक में सूने घर में चोरी हो चुकी है। इधर, खेत वाली माता मंदिर कलेक्ट्रेट चौराहा, कन्या शाला, सरकारी कॉलेज के आसपास भी मजनुओं के झुंड को बिना नंबर की बाइक पर मुंह पर कपड़ा बांधे स्कूल कोचिंग कॉलेज आने जाने वाली लड़कियों पर छींटाकशीं करते हुए देखा जा सकता है। बिना नंबर की बुलट से स्टंट और बंदूक की गोली की आवाजे निकालने की हरकतें भी यहां दिखना आम है।

नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे मास्टर साहब, फिर किया हंगामा, देखें वीडियो

Published on:
22 Sept 2022 05:10 pm
Also Read
View All

अगली खबर