24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक और ट्विशा ! शादी के 45 दिन बाद नवविवाहिता दीपिका की संदिग्ध मौत

deepika found dead: मृतका दीपिका के मायके वालों ने पति, सास-ससुर पर लगाया प्रताड़ना और हत्या का आरोप, अस्पताल में मचा हंगामा।

2 min read
Google source verification
harda news

newlywed suspicious death deepika found hanging after 45 days of marriage (source-patrika)

suspicious death: ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि मध्यप्रदेश के हरदा से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में शादी के 45 दिन बाद मौत हो गई। नवविवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। नवविवाहिता के मायके पक्ष ने पति व सास-ससुर पर प्रताड़ित करने व हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटकाने के आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। नवविवाहिता की मौत के बाद दोनों पक्षों के बीच अस्पताल में विवाद की स्थिति भी बनी लेकिन पुलिस ने मामले को शांत करा दिया।

7 अप्रैल को हुई थी शादी

हरदा के टिमरनी में तवा कॉलोनी स्थित शासकीय सीनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास परिसर में छात्रावास के चौकीदार के सरकारी कमरे में शनिवार शाम को उनकी 28 वर्षीय पुत्रवधु दीपिका दमाड़े फंदे पर झूलते मिली। मृतका की शादी पिछले महीने 7 अप्रैल को दुर्गेश दामड़े के साथ हुआ था। शादी को अभी डेढ़ महीना भी नहीं हुआ था कि नवविवाहिता दीपिका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

शादी के 45 दिन बाद संदिग्ध मौत

मृतका की सास ने बताया कि जब उन्होंने चाय के लिए बहू दीपिका को आवाज लगाई तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। वो कमरे के पास पहुंची तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है, उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन फिर भी दीपिका ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद जब उन्होंने खिड़की से कमरे में झांककर देखा तो दीपिका फांसी के फंदे पर लटकी नजर आई, उन्होंने तुरंत परिवार के लोगों को चिल्लाकर बुलाया और दरवाजा तोड़कर दीपिका को फांसी के फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच कर दीपिका को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल परिसर में स्थिति हुई तनावपूर्ण

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी आकांक्षा तलया और थाना प्रभारी मुकेश गौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को जब मृतका के मायके पक्ष के लोग भैरूंदा के पास गांव से अस्पताल पहुंचे। इस दौरान अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मृतका के परिजनों ने मृतका के पति दुर्गेश और सास-ससुर पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मायके पक्ष ने शव लेने से भी इनकार कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच तीखी बहस और झूमाझटकी भी हुई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस बल ने शांत कराया।

पीएम के बाद सौंपा शव, निष्पक्ष जांच का आश्वासन

डॉ. पुष्पा देशमुख द्वारा शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। एसडीओपी आकांक्षा तलया ने मायके पक्ष को समझाइश देते हुए आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर विधिवत और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने पर राजी हुए। दूसरी ओर पति दुर्गेश और उसके परिजनों ने खुद पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और गलत बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।