10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Hardoi News:मोबाइल पर बात करने से रोका तो पति बना हैवान, डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या

Hardoi Murder News:हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र के गनीपुर में मोबाइल पर बात करने को लेकर पति जितेंद्र ने पत्नी गुड़िया देवी (31) की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। आरोपी फरार है, पुलिस तलाश में जुटी।

2 min read
Google source verification

सांकेतिक चित्र

हरदोई जिले में बिलग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गनीपुर में मोबाइल फोन पर बात करने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आए पति ने डंडे से पीट-पीटकर अपनी 31 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गनीपुर निवासी जितेंद्र की पत्नी गुड़िया देवी मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी। बताया जा रहा है कि जितेंद्र काफी देर से गुड़िया को फोन पर बात करने से रोक रहा था। इसके बावजूद गुड़िया एक कमरे से दूसरे कमरे में जाकर लगातार बात करती रही।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों और घर में मौजूद बच्चों के मुताबिक, गुस्साए जितेंद्र ने पहले पत्नी का मोबाइल फोन तोड़ दिया। इसके बाद घर में रखा डंडा उठाकर गुड़िया पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। पिटाई के दौरान डंडा सीधे गुड़िया के सिर पर लगा, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी।

परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल गुड़िया को तत्काल बिलग्राम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मृतका के घर में कोहराम मच गया।

वही घर में मौजूद बच्चों ने बताया कि वारदात के समय माता-पिता के बीच मोबाइल को लेकर काफी देर तक कहासुनी चल रही थी। पिता का गुस्सा इस कदर बढ़ा कि उसने मां पर डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी जितेंद्र मौके से फरार हो गया। मृतका के पिता रामकिशोर, निवासी माधोगंज, ने बिलग्राम थाने में दामाद जितेंद्र के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि जितेंद्र ने उनकी बेटी गुड़िया देवी की पीट-पीटकर हत्या की है।

घटना को कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि पति जितेंद्र ने गुस्से में आकर पत्नी गुड़िया देवी पर डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।