
हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। गेहूं की बखारी की सफाई के दौरान दम घुटने से प्रधानपति समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बंद स्थान में ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों बेहोश हो गए और उनकी जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे गांव के प्रधानपति सुरेंद्र कुमार ने अपने पड़ोसी कैलाश (45) पुत्र देवी सहाय को घर के पास बने गोड़े के नीचे तल में स्थित गेहूं की बखारी की सफाई के लिए बुलाया। कैलाश सफाई करने के लिए जैसे ही बखारी के अंदर उतरे, कुछ ही देर में वह अचेत होकर गिर पड़े।
कैलाश को अचेत देख सुरेंद्र कुमार तुरंत उन्हें बचाने के लिए खुद भी बखारी में उतर गए। लेकिन जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के चलते वह भी अंदर ही बेहोश हो गए। काफी देर तक दोनों के बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। जब अंदर देखा गया तो दोनों अचेत पड़े थे। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद गांव में मातम छा गया। सुरेंद्र कुमार की पत्नी गांव की प्रधान हैं और उनके तीन बेटे हैं, जबकि कैलाश चार बेटियों के पिता थे। दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में दम घुटने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Published on:
15 Apr 2026 11:33 am
