20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हरदोई में सिंघाड़ा निकालने गई तीन बच्चियां तालाब में डूबी, दो अभी भी लापता

Hardoi pond accident news : हरदोई जिले में सिंघाड़ा निकालने गई 3 बच्चियां तालाब में डूब गईं। एक बच्ची को लोगों ने सुरक्षित निकाल लिया। वहीं 2 अभी भी लापता हैं।

less than 1 minute read
Google source verification

सिंघाड़ा निकालने के लिए गई 3 बच्चियां तालाब में डूबी, PC- AI Chatgpt

हरदोई : हरदोई जिले के पिहानी क्षेत्र के रामपुर दहेलिया गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे से हड़कंप मच गया। गांव की तीन किशोरियां तालाब में सिंघाड़ा निकालने गई थीं, लेकिन पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में समा गईं। ग्रामीणों की तत्परता से एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, रामपुर दहेलिया निवासी प्रियंका (12 वर्ष), आरुषि (14 वर्ष) और जानवी (14 वर्ष) दोपहर में गांव के पास स्थित तालाब से सिंघाड़ा निकालने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तालाब के किनारे फिसलन होने के कारण पहले एक किशोरी का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों सहेलियां भी डूबने लगीं।

मासूम की सतर्कता से बची एक जान

पास ही बकरी चरा रहे एक छोटे बच्चे ने जब यह दृश्य देखा तो शोर मचा दिया। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण सुरेश कुमार और अनिल कुमार समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए तालाब में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद 14 वर्षीय जानवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि प्रियंका और आरुषि गहरे पानी के भंवर में फंस गईं और लापता हो गईं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन की निगरानी में सर्च ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। तालाब के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है और परिजन बेसब्री से किसी सकारात्मक खबर का इंतजार कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है तथा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है और पूरे गांव में मातम जैसा माहौल है।