
प्रतीकात्मक चित्र
हरदोई जिले के बघौली-प्रतापनगर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब दो दोस्त दूध बेचने के लिए डेयरी जा रहे थे। बघौली थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव निवासी पुष्पेंद्र (18) और कन्हैयालाल (19) अपने-अपने घर से दूध लेकर निकले थे। जैसे ही दोनों रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, सामने से आ रहे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रकों के बीच फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और गुस्से में सड़क जाम कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और जाम खुलवाया। दोनों घायलों को आनन-फानन में कछौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कन्हैयालाल की हालत गंभीर होने पर उसे सौ शैय्या अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया और हर तरफ मातम का माहौल बन गया।
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। पुष्पेंद्र अपने पांच भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था और खेती-किसानी में पिता का हाथ बंटाता था। वहीं कन्हैयालाल चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर था और वह भी परिवार के साथ खेती करता था। दोनों की अभी शादी नहीं हुई थी और परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। अचानक हुए इस हादसे ने परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। वहीं, हादसे के बाद दोनों ट्रक चालक अपने-अपने वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालकों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क हादसों को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी और सख्ती बढ़ाने की बात भी कही जा रही है।
Updated on:
01 Apr 2026 03:25 pm
Published on:
01 Apr 2026 02:49 pm
बड़ी खबरें
View Allहरदोई
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
