हाथरस। जिले के थाना चन्दपा क्षेत्र के गांव खेड़ा परसौली में मन्दिर में स्थापित शिवलिंग के नीचे से सांप निकल रहे हैं। मन्दिर में रखी शिवलिंग के नीचे से निकल रहे सांपों को देखने के लिए लोगों का हुजूम लग गया है। दूर दूर से लोग मौके पर पहुंचकर सापों की पूजा अर्चना करने में लग गए हैं, इन सापों को भक्त दूध पिला रहे हैं।
मरम्मत कार्य के दौरान निकले सांप
थाना चन्दपा क्षेत्र के गांव खेड़ा परसौली में एक पुराने मन्दिर की मरम्मत की जा रही थी, तभी मन्दिर में स्थापित शिवलिंग के नीचे से पहले एक सांप निकला और शिवलिंग पर वैठ गया, वहीं थोड़ी देर बाद एक के बाद एक कई सांप निकलने का सिलसिला शुरू हो गया। मन्दिर की मरम्मत का काम कर रहे मजदूरों ने शोर मचा दिया तो मौके पर ग्रामीण इकट्ठे हो गये। शिवलिंग से लगातार सांप निकल रहे हैं। ग्रामीण इसे भगवान शिव की महिमा मान रहे हैं। मंदिर में पूजा अर्चना और चढ़ावा शुरू हो गया है लोग सांप के लिए दूध ला रहे हैं।
मन्नत पूरी होने पर हो रहा था मंदिर का मरम्मत का कार्य
बताया जा रहा है कि यह मन्दिर काफी पुराना था और जर्जर हो गया था, तभी गांव के एक बीमारी से पीड़ित युवक ने यहां प्रार्थना की कि अगर वह ठीक हो जाता है तो वह इस मन्दिर को बनवाएगा। एक माह के अन्दर ही युवक ठीक हो गया। तो युवक ने मन्दिर बनवाना शुरू कर दिया। इसी दौरान मंदिर से सांप निकलने लगे हैं।