
रोज ब्रश करने के बाद भी नहीं जा रही बदबू (photo- freepik)
Bad Breath Health Signs: सुबह उठने के बाद या लहसुन-प्याज खाने के बाद मुंह से बदबू आना सामान्य बात हो सकती है। लेकिन अगर आप रोजाना ब्रश करते हैं, फिर भी मुंह से लगातार बदबू (Bad Breath या Halitosis) आती रहती है, तो इसे सिर्फ ओरल हाइजीन की कमी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार यह शरीर के अंदर चल रही किसी बीमारी का शुरुआती संकेत भी हो सकता है।
American Dental Association (ADA), Mayo Clinic और NHS के अनुसार, लगातार मुंह से बदबू आने का सबसे बड़ा कारण मुंह में बैक्टीरिया और दांतों की सफाई ठीक से न होना है। हालांकि कुछ मामलों में यह मसूड़ों की बीमारी, साइनस इंफेक्शन, एसिड रिफ्लक्स, डायबिटीज या किडनी जैसी गंभीर समस्याओं से भी जुड़ा हो सकता है।
ADA के अनुसार, अगर दांतों और मसूड़ों में प्लाक और बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं, तो मसूड़ों में सूजन (Gingivitis) या पीरियोडोंटाइटिस (Periodontitis) हो सकता है। इससे मुंह से लगातार बदबू आने लगती है।
अगर किसी दांत में कैविटी है या खाना दांतों के बीच फंस जाता है, तो वहां बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं। इससे बदबू के साथ दांत दर्द भी हो सकता है।
Mayo Clinic के अनुसार, साइनस इंफेक्शन, टॉन्सिलाइटिस या गले में बैक्टीरियल संक्रमण होने पर भी मुंह से दुर्गंध आ सकती है। इसके साथ गले में दर्द, बुखार या नाक बंद रहने की शिकायत भी हो सकती है।
जब पेट का एसिड बार-बार गले तक पहुंचता है, तो मुंह में खट्टापन और बदबू महसूस हो सकती है। अगर इसके साथ सीने में जलन भी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
NHS के अनुसार, अगर डायबिटीज कंट्रोल में नहीं है, तो सांस से मीठी या फल जैसी गंध (Fruity Breath) आ सकती है। यह शरीर में कीटोन्स बढ़ने का संकेत हो सकता है और तुरंत मेडिकल सलाह की जरूरत होती है।
लार (Saliva) मुंह की सफाई करने का काम करती है। लेकिन अगर लार कम बनने लगे, तो बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और मुंह से बदबू आने लगती है। कुछ दवाइयों, पानी की कमी या बढ़ती उम्र में यह समस्या हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ गंभीर मामलों में लगातार बदबू किडनी या लिवर की बीमारी का भी संकेत हो सकती है। हालांकि ऐसा कम होता है, लेकिन अगर बदबू के साथ शरीर में सूजन, थकान, पीलिया या पेशाब से जुड़ी समस्या भी हो, तो जांच करानी चाहिए।
अगर रोज ब्रश करने के बाद भी बदबू बनी रहे। मसूड़ों से खून आता हो। दांत में दर्द या सूजन हो। मुंह बार-बार सूखता हो। सांस से मीठी या अमोनिया जैसी गंध आए। बदबू कई हफ्तों तक बनी रहे। तो डेंटिस्ट या डॉक्टर से जांच जरूर कराएं।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
Updated on:
13 Jul 2026 05:08 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:14 pm
