
Tinea Fungal Infection Symptoms (Photo- gemini ai)
Tinea Fungal Infection Symptoms: त्वचा पर लाल, खुजली वाला दाग दिखे तो ज्यादातर लोग उसे मामूली एलर्जी, पसीना या हीट रैश समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर यह दाग ठीक नहीं हो रहा, धीरे-धीरे फैल रहा है या गोल घेरा बनाकर दिख रहा है, तो यह साधारण रैश नहीं बल्कि फंगल इन्फेक्शन, टिनिया (Tinea) हो सकता है। टिनिया एक आम लेकिन जिद्दी स्किन इंफेक्शन है, जो सही इलाज न मिलने पर हफ्तों या महीनों तक बना रह सकता है।
टिनिया त्वचा पर होने वाला फंगल इन्फेक्शन है, जो गर्म और नमी वाली जगहों पर तेजी से फैलता है। यह फंगस त्वचा, बाल और नाखून में मौजूद केराटिन नाम के प्रोटीन पर पनपता है।
नाम अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन वजह एक ही फंगल इन्फेक्शन।
Dr S K Gupta, बताते हैं कि शुरुआत में टिनिया छोटा लाल दाग जैसा दिखता है, इसलिए लोग इसे एक्जिमा या पसीने का रैश समझ लेते हैं। कई लोग बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड क्रीम लगा लेते हैं। इससे थोड़ी देर के लिए लालिमा कम हो सकती है, लेकिन फंगस खत्म नहीं होता। उल्टा इन्फेक्शन ज्यादा फैल सकता है और इलाज मुश्किल हो जाता है।
अगर त्वचा पर ये लक्षण दिखें तो सावधान हो जाएं। लाल, गोल या रिंग जैसा दाग, किनारों पर हल्की सूजन या पपड़ी, बीच की त्वचा साफ दिखना, तेज खुजली, त्वचा का छिलना या फटना, सिर में होने पर बाल टूटना या पैच में झड़ना अगर दाग फैल रहा है या जल्दी ठीक नहीं हो रहा, तो यह फंगल इन्फेक्शन हो सकता है।
गर्म और उमस वाला मौसम फंगस के लिए परफेक्ट माहौल बनाता है। ज्यादा पसीना आना, टाइट या सिंथेटिक कपड़े, तौलिया या कंघी शेयर करना, डायबिटीज या कमजोर इम्युनिटी, पब्लिक स्विमिंग पूल या शॉवर की वजहों से जोखिम बढ़ जाता है। ध्यान रहे साफ-सफाई रखने वाले लोगों को भी यह हो सकता है।
टिनिया साधारण रैश नहीं है, इसलिए एंटीफंगल दवा जरूरी होती है। हल्के केस में क्रीम से इलाज हो सकता है, लेकिन गंभीर होने पर दवा खानी पड़ सकती है। सबसे जरूरी बात इलाज बीच में बंद न करें, वरना इन्फेक्शन वापस आ जाता है।
अगर दाग फैल रहा हो, जल्दी ठीक न हो, सिर या नाखून तक पहुंच जाए या आपको डायबिटीज हो तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।
Updated on:
20 Feb 2026 03:56 pm
Published on:
20 Feb 2026 03:56 pm
